इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक राहत भरी खबर सामने आई है। जहां वन विभाग ने एक जटिल रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देते हुए बाघ को सुरक्षित पकड़ लिया है। यह पूरा मामला जिले की अमानगंज तहसील के ग्राम तारा का है।
पन्ना के अमानगंज तहसील के ग्राम तारा में जब ग्रामीणों ने मवेशियों के शिकार के बाद बाघ की मौजूदगी देखी तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के बीच बढ़ते डर और तनाव को देखते हुए पन्ना टाइगर रिजर्व की टीम तुरंत हरकत में आई। भीड़ को नियंत्रित करना और बाघ को सुरक्षित निकालना एक बड़ी चुनौती थी, जिसके लिए पन्ना टाइगर रिजर्व से तीन हाथियों और विशेष बचाव दल को बुलाया गया।
ये भी पढ़ें: नेताजी ने श्वान के साथ बांटी खुशियां: केक काटा-गले भी लगाया, जन्मदिन पर लिया ये अनोखा संकल्प
इस मिशन में मुकुंदपुर जू, सतना की मेडिकल टीम और स्थानीय पुलिस बल का भी अहम योगदान रहा। डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि बाघ को सफलतापूर्वक ट्रेंकुलाइज यानी बेहोश किया गया और ठीक एक घंटे बाद उसे सुरक्षित पिंजरे में रखकर गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। वन विभाग ने इस सफल ऑपरेशन के बाद ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है ताकि भविष्य में किसी भी जनहानि को टाला जा सके।

