इमरान खान, खंडवा। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी इंदौर दौरे से पहले मध्य प्रदेश की राजनीति में ज़ुबानी जंग का तीखा दौर शुरू हो गया है। राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के बीच बयानों के तीर चलने लगे हैं। खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के बयान के बाद हरदा से कांग्रेस विधायक रामकिशोर दोगने ने बेहद तल्ख टिप्पणी करते हुए पलटवार किया है।
ये भी पढ़ें: 2 बाबाओं के बीच छिड़ी जुबानी जंगः बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री पर पंडोखर सरकार के गुरु शरण महाराज का तीखा हमला
बीजेपी सांसद ने कहा- ‘सुना है सर्कस का शो होने वाला है’
विवाद की शुरुआत खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के उस बयान से हुई, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी के इंदौर दौरे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर तंज कसते हुए कहा था कि मैंने सुना है कि इंदौर में सर्कस का शो होने वाला है। बीजेपी सांसद के इस बयान के बाद सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।
हरदा विधायक का पलटवार- ‘उन्हीं की भाषा में देंगे जवाब’
खंडवा में छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारियों की बैठक में पहुंचे हरदा से कांग्रेस विधायक रामकिशोर दोगने ने सांसद पाटिल के बयान पर कड़ा ऐतराज जताया। विधायक दोगने ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और उनके पद का सम्मान किया जाना चाहिए। अगर बीजेपी इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल करेगी, तो हम भी उन्हें उन्हीं की भाषा में जवाब देंगे। बीजेपी के जो नेता इसे सर्कस बता रहे हैं, दरअसल उनके जैसे जानवरों को नचाने के लिए ही राहुल गांधी आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: सेंधवा कॉलेज में सनसनी: परीक्षा देकर बाहर निकली छात्रा पर पहले तानी बंदूक, फिर पीठ पर घोंपा चाकू!
‘पेपर लीक के खिलाफ छात्रों की आवाज हैं राहुल’
विधायक रामकिशोर दोगने ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक के मुद्दों के बाद से राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। इंदौर का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम देश भर के छात्रों की आवाज को एक नया मंच और मजबूती प्रदान करेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



