शब्बीर अहमद, भोपाल मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा अचानक गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) द्वारा तीसरी सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। इस नए राजनीतिक घटनाक्रम ने सूबे की सियासत में क्रॉस वोटिंग और जोड़-तोड़ की आशंकाओं को हवा दे दी है, जिसके बाद कांग्रेस अपने खेमे को एकजुट रखने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश कांग्रेस के विधायक दूसरे राज्य में शिफ्ट होंगे। एमपी कांग्रेस के विधायक तेलंगाना या कर्नाटक भेजे जाएंगे। तेलंगाना और कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है। कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन तेलंगाना प्रदेश की प्रभारी भी है।

08 जून महाकाल आरती: त्रिशूल, डमरू और त्रिनेत्र से बाबा महाकालेश्वर का दिव्य श्रृंगार,

दिल्ली से भेजे जा रहे हैं पर्यवेक्षक

सूत्रों के मुताबिक, सूबे के बदलते सियासी समीकरणों और विधायकों की बाड़ेबंदी को भांपते हुए कांग्रेस आलाकमान ने मोर्चा संभाल लिया है। दिल्ली से विशेष पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) मध्यप्रदेश भेजे जा रहे हैं, जो पूरी चुनाव प्रक्रिया पर पैनी नजर रखेंगे।भाजपा के इस दांव के बाद कांग्रेस के दिग्गज और बड़े नेता लगातार अपने विधायकों से फोन पर संपर्क साध रहे हैं। एक-एक विधायक की स्थिति और उनकी निष्ठा को सुनिश्चित करने के लिए व्यक्तिगत तौर पर बातचीत की जा रही है। किसी भी तरह की सेंधमारी से बचने के लिए कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को फिलहाल भोपाल में ही मौजूद रहने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

मानसून से पहले ही मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड बारिश: जून का 65% कोटा पूरा, आज भी कई जिलों

मुख्यमंत्री निवास पर बीजेपी की अहम बैठक

दूसरी तरफ, तीसरी सीट को हर हाल में अपने पाले में करने के लिए भाजपा ने भी अपनी रणनीतिक बिसात बिछा दी है। आज सुबह 9:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पर एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में सरकार के मंत्रियों और पार्टी के विधायकों को अनिवार्य रूप से शामिल होने के लिए कहा गया है। बैठक में तीसरी सीट पर जीत दर्ज करने के लिए फ्लोर मैनेजमेंट और रणनीतिक गणित को अंतिम रूप दिया जाएगा।

नामांकन की आखिरी तारीख आज

बता दें कि राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आज आखिरी तारीख है। दोनों ही दलों के प्रत्याशी आज अपने-अपने पर्चे दाखिल करेंगे। कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन आज अपना नामांकन दाखिल करेंगी। तय कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11:00 बजे वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कांग्रेस कार्यालय से विधानसभा के लिए रवाना होंगी।वहीं, भाजपा के तीसरे उम्मीदवार महेश केवट दोपहर 12:30 बजे अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री समेत भाजपा के कई शीर्ष नेता और कैबिनेट मंत्री मौजूद रहेंगे। भाजपा के इस तीसरे दांव के बाद क्या कांग्रेस अपने कुनबे को पूरी तरह सुरक्षित रख पाती है या राज्यसभा सीटों का यह मुकाबला कोई नया सियासी उलटफेर लेकर आता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m