शब्बीर अहमद, भोपाल। MP Rajya Sabha Elections: मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार हरदीप सिंह पूरी का नामांकन स्वीकार हो गया है। वह निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो गए हैं। दो अन्य प्रत्याशियों का आवेदन निरस्त कर दिया गया। विधानसभा सचिवालय ने जारी आदेश जारी किया है। बता दें कि हरदीप पुरी के नामांकन पर कांग्रेस नेता ने आपत्ति जताई थी। लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर ने इसे खारिज कर दिया था। 

निर्वाचन अधिकारी के सामने कांग्रेस-भाजपा नेताओं की बहस पूरी हुई। बहस के बाद कांग्रेस नेता जेपी धनोपिया ने कहा कि केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के नॉमिनेशन फॉर्म में कई गलतियां हुई हैं। उनका यह फॉर्म रिजेक्ट होना चाहिए। बिना किसी दबाव और ईमानदारी से अगर पूरा प्रोसेस किया गया तो हरदीप पुरी का नामांकन निरस्त होगा। 

उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने शपथपत्र में कई कानूनी और प्रक्रियात्मक त्रुटियां होने का आरोप लगाया। कटारे ने कहा, निर्वाचन संचालन नियम, 1961 के तहत उम्मीदवार को निर्धारित प्रारूप में शपथपत्र देना अनिवार्य है। नियमों के मुताबिक फॉर्म-26 में उम्मीदवार को प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट या नोटरी के समक्ष स्वयं शपथ लेनी होती है। 

कांग्रेस का आरोप है कि हरदीप पुरी का शपथपत्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नहीं है और केवल सत्यापित दस्तावेज प्रस्तुत किया गया है। कटारे ने शपथपत्र में पत्नी का नाम नहीं होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पत्नी की संपत्ति का विवरण दिया गया है, लेकिन उनके नाम का कॉलम खाली है। कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि संपत्ति से जुड़ी कुछ जानकारी भारतीय रुपये की जगह अमेरिकी डॉलर में दी गई है, जबकि निर्धारित प्रारूप में रुपये में जानकारी देना जरूरी है।

भाजपा और कांग्रेस की दलीलों को रिटर्निंग ऑफिसर ने सुना और शाम साढ़े 6 बजे आपत्ति खारिज कर दी। बता दें कि निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी को कांग्रेस का समर्थन मिला था। लेकिन उनका नामांकन रद्द कर दिया गया था। इसके बाद कांग्रेस और बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल रिटर्निंग ऑफिसर के पास पहुंचा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m