आशुतोष द्विवेदी, रीवा। रीवा के समान थाना क्षेत्र में कथित गौमांस तस्करी को लेकर देर शाम उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब रिंग रोड स्थित नहर किनारे कच्चे मार्ग से बाइक पर जा रही दो युवतियों को ग्रामीणों ने रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि युवतियां अपने साथ ले जा रही कथित गौमांस से भरी बोरी को नहर में फेंककर भागने लगीं। इसी दौरान रोकने वाले एक ग्रामीण युवक पर पत्थर से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवतियों को हिरासत में लेकर उनकी बाइक जब्त कर ली। पुलिस ने नहर से बरामद संदिग्ध मांस को कब्जे में लेकर जांच के लिए एफएसएल भेज दिया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बरामद मांस किस पशु का है।
ये भी पढ़ें: काल बनकर दौड़ा निगम का कचरा वाहन: एक परिवार का बुझ गया चिराग, जिंदगी-मौत से जूझ रही दो जिंदगियां
इधर, घटना के बाद हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से गौकशी और गौमांस तस्करी की शिकायतें की जाती रही हैं, लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति हो रही है।
हिंदू संगठन का दावा है कि इस मामले की सूचना भी पहले पुलिस को दी गई थी, लेकिन कार्रवाई में देरी के कारण संगठन के कार्यकर्ताओं को स्वयं घेराबंदी करनी पड़ी, जिसके दौरान उनके एक साथी पर हमला हुआ। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपित युवतियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

