MP Road Accident: मध्य प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अलग-अलग जगहों पर दर्दनाक घटनाएं हुईं जहां 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं एक हादसे में परिवार बुरी तरह घायल हो गया। 

मैहर में चलती बाइक में गिरा पेड़, दो की मौत, दो घायल,रास्ता भटकने के दौरान हुआ हादसा

तनवीर खान, मैहर। जिले में मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो युवाओं की जान चली गई, जबकि दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा देहात थाना क्षेत्र के बरहिया गांव के पास उस समय हुआ, जब सड़क किनारे काटे जा रहे सीसम के पेड़ के अचानक गिरने से एक बाइक उसकी चपेट में आ गई।

जानकारी के अनुसार कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत इम्लास गांव निवासी चार युवक-युवतियां एक ही मोटरसाइकिल से मैहर में मां शारदा के दर्शन के लिए आ रहे थे। रास्ता भटकने के कारण वे अमरपाटन क्षेत्र के बरहिया गांव के पास पहुंच गए। इसी दौरान सड़क किनारे एक सीसम का पेड़ काटकर ट्रैक्टर की मदद से खींचा जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर आ गिरा और सीधे बाइक पर गिर पड़ा।

हादसे में बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर सभी को पेड़ के नीचे से निकाला और सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने से पहले रागिनी कुशवाहा (18 वर्ष), पिता सूरज कुशवाहा की मौत हो गई, जबकि उपचार के दौरान अमित कुशवाहा (21 वर्ष), पिता द्वारका प्रसाद कुशवाहा ने भी दम तोड़ दिया।

घायलों की पहचान राधिका उर्फ पलक कुशवाहा (17 वर्ष), पिता गेंदलाल कुशवाहा और शिवानी कुशवाहा (18 वर्ष), पिता संतकुमार कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने बताया कि बरहिया के पास दीनदयाल साकेत द्वारा सीसम का पेड़ कटवाया जा रहा था। पेड़ को ट्रैक्टर से खींचने के दौरान कथित लापरवाही बरती गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पेड़ कटाई के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की मांग की है।

रायसेन में ट्रैक्टर पर ले जाए जा रहे बिजली के पोल कार में घुसे, आर-पार निकले पोल; पति-पत्नी और बच्चा घायल

अनिल सक्सेना, रायसेन। शहर के गोपालपुर बायपास तिराहे पर मंगलवार रात करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिजली के पोल लेकर जा रहे एक नए ट्रैक्टर के पीछे चल रही कार पोलों से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल कार के अगले हिस्से को चीरते हुए पीछे तक आर-पार निकल गए, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में कार सवार भोपाल निवासी मित्रा शुक्ला, उनके पति और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मित्रा शुक्ला को भोपाल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर नया था और उस पर अभी पंजीयन नंबर अंकित नहीं था। ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। टक्कर के बाद बिजली के पोल कार में फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय निवासी मनीष मालवीय, सतीश मालवीय और नीरज लोधी की मदद से ट्रैक्टर को आगे बढ़ाकर बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के कारण कुछ देर तक भोपाल-विदिशा-रायसेन मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी हुई है।

सिंगरौली में 2 की मौत

सुरेश पांडेय, सिंगरौली। बरगवा थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। जयसवाल ढाबा के पास तेज रफ्तार बस ने बच्चे को रौंद दिया। मासूम की घटना स्थल पर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीण एवं परिजनों ने नेशनल हाईवे NH 39 रीवा-सिंगरौली सड़क को जाम कर दिया और बस के कांच को तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गई। 

हाईवा ने बाइक सवारों को मारी जोरदार टक्कर

जियावन थाना क्षेत्र के लोहरा तिराहा के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है जिसे स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक है।

दमोह में बाइक की भिंड़त, 2 की मौत

बीडी शर्मा, दमोह। तेंदूखेड़ा के नरगवा में दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि दो युवकों की मौके पर मौत हो गई।वहीं तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल भेजकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।

दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जियावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल हो गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m