MP Road Accident: मध्य प्रदेश में रविवार को दो अलग-अलग जगह दर्दनाक सड़क हादसे हुए। उज्जैन में कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं धार में चार पहिया वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई। हादसे में 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन – देवास रोड पर नरवर के ग्राम बोलासा में तेज रफ़्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों और मृतक के परिवार वालों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई और ट्रैफिक पर असर पड़ा।
मृतक की पहचान चंद्रावतीगंज निवासी रामचंद्र प्रजापत के रूप में हुई है । बताया जा रहा है कि यह हादसा तेज रफ्तार कार की टक्कर से हुआ। टक्कर मारने के बाद कार चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश कर रही है।
बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गए और जिम्मेदार चालक की गिरफ्तारी के साथ-साथ मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सुंदरकांड का पाठ भी किया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने परिवार वालों और ग्रामीणों को समझाकर और आश्वासन देकर चक्का जाम खुलवाया।

चार पहिया वाहन की आमने-सामने भिड़ंत, एक वाहन पलटा
रेणु अग्रवाल, धार। जिले के निसरपुर क्षेत्र में खंडवा-बड़ौदा मार्ग पर दो चार पहिया वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक वाहन पलट गया और दूसरे वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कुल नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं दूसरी महिला को भी बड़वानी अन्य मरीजों के साथ रेफर किया गया।
बताया जा रहा है वाहन बड़वानी से निसरपुर की ओर आ रही थी जो खरीदारी करने बाजार गए थे। ज्यादा बारिश के कारण बड़वानी से वापस आ रहे थे। पिपल्या घाटी में पहुंचते ही खंडवा-बड़ौदा मार्ग 26 पर जोरदार भिड़त हो गई जिससे वाहनों में सवार सभी सवारों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सभी मरीजों को तत्काल निसरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

ड्यूटी डॉक्टर राहुल गवली और स्टाफ की मदद से दो एंबुलेंस में 8 मरीजों को बड़वानी जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टर ने बताया कि तीन मरीज गंभीर घायल है। साथ ही अन्य को भी रेफर किया गया है। फिलहाल सभी घायलों को बड़वानी जिला अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



