अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले और रपटे उफान पर हैं। प्रशासन द्वारा जलभराव वाले रास्तों, पुल-पुलियों और अंडरपास से आवाजाही न करने की बार-बार अपील के बावजूद चालकों की गंभीर लापरवाही के दो बड़े मामले सामने आए हैं। बड़ेरा-करौंदी मार्ग पर उफनते नाले में बोलेरो फंसकर पलटने लगी, वहीं जैतवारा रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव के बीच घुसी बस का इंजन बंद हो गया। दोनों हादसों में 24 से ज्यादा यात्रियों की जान संकट में पड़ गई थी, जिन्हें ग्रामीणों और प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला।
ये भी पढ़ें: उफनती नदी और दरका पुल! शहडोल के केसेढ़ नदी पुल से बाहर निकली सरिया, हादसे का मंडरा रहा खतरा
ग्रामीणों ने रोका फिर भी बहाव में उतारी बोलेरो, रपटे में फंसा पहिया
पहली घटना सभापुर थाना क्षेत्र के बड़ेरा-करौंदी मार्ग की है। बुधवार शाम करीब 5 बजे बिरसिंहपुर से यूपी जा रही बोलेरो जब बड़ेरा छोर पर पहुंची, तो बरसाती नाला पूरे उफान पर था। स्थानीय ग्रामीणों ने चालक को आगे जाने से साफ मना किया, लेकिन चालक ने मनाही के बावजूद गाड़ी तेज बहाव में उतार दी। दूसरे छोर के पास पहुंचते ही रपटे के जर्जर हिस्से में पहिया फंसते ही बोलेरो पलटने लगी। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल जेसीबी (JCB) की मदद से बोलेरो को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
ये भी पढ़ें: सोते समय ढही छत, बुझ गया इकलौता चिराग! डबरा हादसे में मां-बेटे की मौत; परिजनों ने मांगी मदद
कमर तक पानी में घुसा दी बस, बंद हुआ इंजन तो यात्रियों में मची अफरा-तफरी
दूसरी घटना जैतवारा रेलवे अंडरब्रिज की है, जहां गैबीनाथ ट्रैवल्स की बस कोठी से बिरसिंहपुर जा रही थी। अंडरब्रिज में कमर से ऊपर तक पानी भरा होने के बावजूद चालक ने बस पानी में उतार दी, जिससे बीच रास्ते में ही इंजन बंद हो गया। बस में सवार 18 से 20 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही जैतवारा नगर परिषद के सीएमओ और थाना प्रभारी अजय सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और सभी यात्रियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला। पानी कम होने पर बस को भी बाहर निकाला गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



