अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में नाबालिगों के साथ अपराध के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि पुलिस ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। ताजा मामला जयसिंहनगर थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां एक नाबालिग किशोरी को पड़ोस में रहने वाले युवक ने अपहरण कर दो दिन तक अपने ही घर में छिपाकर रखा। हैरानी की बात यह रही कि इस पूरी घटना की भनक तक घर के अन्य लोगों को नहीं लगी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
जयसिंहनगर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी घर से सिर्फ साबुन लेने के लिए निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी, समय बीतने के साथ परिजनों की चिंता बढ़ती गई और उन्होंने आसपास खोजबीन शुरू की। जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने जयसिंहनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई और पड़ोस में रहने वाले युवक पर शक जताया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संदिग्ध युवक के घर पर दबिश दी।
ये भी पढ़ें: युवती का हाईवोल्टेज ड्रामा: प्रेमी के खातिर पिया जहर, अस्पताल की पांचवी मंजिल पर चढ़कर दी कूदने की धमकी
तलाशी के दौरान जो खुलासा हुआ, उसने सभी को चौंका दिया। किशोरी आरोपी के घर के एक कमरे में मिली। जहां उसे दो दिन से छिपाकर रखा गया था। बताया जा रहा है कि इस दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरन दुराचार किया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी के घर में मौजूद अन्य लोगों को इस पूरी घटना की कानों-कान खबर तक नहीं हुई। आरोपी ने बेहद चालाकी से किशोरी को कमरे में छिपाए रखा। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुराचार और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें: नेताजी ने श्वान के साथ बांटी खुशियां: केक काटा-गले भी लगाया, जन्मदिन पर लिया ये अनोखा संकल्प
वहीं इस पूरे मामले में जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय बैगा का कहना है कि एक नाबालिग का पड़ोस रहने वाले एक युवक ने अपहरण कर उसके साथ गलत काम किया। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर किया गया है। साथ ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

