अजयारविंद नामदेव, शहडोल। विज्ञान और तकनीक के इस दौर में भी अंधविश्वास किस कदर इंसान को हैवान बना सकता है, इसका रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां जादू-टोने के खौफनाक सस्पेंस और शक के चलते दो सगे भाइयों ने अपनी ही रिश्तेदार एक बुजुर्ग महिला की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें: ‘अमर अकबर एंथनी का बाप भी हिंदू निकला था’; भगवान कृष्ण को नमाजी बताने वाले मौलाना पर भड़के धीरेंद्र शास्त्री

गर्भवती पत्नी और मवेशियों की मौत का ‘अंधविश्वास’

ग्राम कनाड़ीकला के रहने वाले अनिल यादव और सुनील यादव को शक था कि पड़ोस में रहने वाली उनकी मौसी की सास गेंदा बाई यादव जादू-टोना करती हैं। आरोपियों का मानना था कि इसी जादू-टोने के कारण उनके दादा-दादी और घर के मवेशियों की मौत हुई थी।

वहीं आरोपी सुनील की मां लगातार बीमार रहती थी और उसकी पत्नी फिलहाल गर्भवती है। दोनों भाइयों को डर था कि गेंदा बाई उनके होने वाले बच्चे को भी अपनी तांत्रिक क्रियाओं से नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसी खौफ में दोनों ने कत्ल की साजिश रच डाली।

एक भाई दे रहा था लोकेशन, दूसरे ने मार दी कुल्हाड़ी

घटना के दिन गेंदा बाई जब हाट-बाजार से घर लौट रही थीं, तब एक भाई मोबाइल के जरिए लगातार उनकी लोकेशन ट्रैक कर रहा था और दूसरे को पल-पल की जानकारी दे रहा था। दूसरा भाई रास्ते में कुल्हाड़ी लेकर पहले से घात लगाए बैठा था। जैसे ही बुजुर्ग महिला एक सुनसान रास्ते पर पहुंची, आरोपी ने पीछे से उनकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। महिला की मौके पर ही मौत हो गई और दोनों आरोपी फरार हो गए।

ये भी पढ़ें: लव-जिहाद पर कैलाश विजयवर्गीय की छात्राओं को सीख, बोले- नाम बदलकर फायदा उठाने वालों से रहो सावधान

वैज्ञानिक साक्ष्यों से खुला सस्पेंस

वारदात के बाद जयसिंहनगर पुलिस ने साइबर सेल और वैज्ञानिक-तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दोनों हत्यारे भाइयों अनिल और सुनील यादव को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने अंधविश्वास के कारण हत्या की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m