शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। प्रदेश में बने मजबूत मानसूनी सिस्टम के असर से लगातार झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं शनिवार भोपाल समेत प्रदेश के 35 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 20 जिलों में हल्की से मध्यम रिमझिम बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी भोपाल में आज सुबह से ही बादलों की गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश का दौर जारी है।
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से मिल रही लगातार नमी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में मध्य प्रदेश के ऊपर एक साथ कई मानसूनी सिस्टम एक्टिव हैं। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों ओर से लगातार आ रही नमी के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश भर में अगले 4 दिनों तक तेज बारिश का सिलसिला बना रहेगा, जिससे नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है।
35 जिलों में अलर्ट, भोपाल में झमाझम
मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग के जिलों समेत कुल 35 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में सुबह से हो रही बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों को तेज बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और उफान पर आई नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


