शब्बीर अहमद, Bhopal. मध्य प्रदेश में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अगले तीन दिनों के लिए कड़ा अलर्ट जारी किया है। खास तौर पर भिंड जिले में हालात ज्यादा चिंताजनक हैं, जिसे लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट (Red Alert) घोषित किया है।
प्रदेश में अब तक कोटे से 10 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है। लगातार हो रही इस बारिश के कारण कई जिलों में मुख्य रास्ते बंद हो गए हैं, पुल-पुलिया पानी में डूब चुकी हैं और आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है।
उत्तरी मध्य प्रदेश में आफत की बारिश: इन जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश का उत्तरी हिस्सा पूरी तरह तरबतर रहेगा। भारी तबाही की आशंका को देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया गया है:
ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड: मुरैना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़।
मालवा-राजगढ़: राजगढ़, आगर-मालवा और रतलाम।
चेतावनी: इन जिलों में रहने वाले लोगों को नदी, नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।
इन जिलों में भी मंडरा रहे ‘बदरा’: भारी बारिश की संभावना
ऑरेंज अलर्ट के अलावा प्रदेश के एक बड़े हिस्से में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने इन जिलों में भी मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है:
नीमच, उज्जैन, शाजापुर, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, दमोह, छतरपुर और पन्ना।
राजधानी भोपाल सहित इंदौर-जबलपुर में भी नहीं थमेगी रफ्तार
राजधानी भोपाल समेत महाकौशल और निमाड़ अंचल के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में भी लगातार बौछारें पड़ने की उम्मीद जताई है:
भोपाल और आसपास: भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़।
इंदौर और निमाड़: इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, देवास।
महाकौशल, नर्मदापुरम और विंध्य: नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा और सतना।
प्रशासन ने आमजन से की अपील
कई जिलों में रास्ते बंद होने और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन मुस्तैद है। हमारी दर्शकों और पाठकों से अपील है कि उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम कतई न उठाएं और मौसम की पल-पल की अपडेट के बाद ही यात्रा प्लान करें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

