इमरान खान, Khandwa. मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक के बाद से ही लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए बड़ी आफत बन चुकी है। खंडवा जिले में कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश के दौर ने पूरे जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि ग्रामीण इलाकों से लेकर शहर तक हाहाकार मचा हुआ है। नदी-नाले रौद्र रूप धारण कर उफान पर हैं, जिससे कई गांवों का मुख्य सड़क मार्ग से संपर्क पूरी तरह कट गया है।

ये भी पढ़ें: आदिगुरु शंकराचार्य: 108 फीट ऊंची प्रतिमा का पिलर झुका? 2300 करोड़ के प्रोजेक्ट में गड़बड़ी की शिकायत पहुंची CBI तक!

पुनासा में किसानों पर फूटा ‘कुदरत का कहर’: घरों में घुसा कमर तक पानी

जिले के पुनासा क्षेत्र में तेज बरसात ने खेती-किसानी करने वाले अन्नदाताओं की मेहनत पर पूरी तरह पानी फेर दिया है। खेतों में घुटने तक पानी भर जाने से फसलें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं, जिससे भारी नुकसान की आशंका है।

खेतों के अलावा बस्तियों और रिहायशी इलाकों में स्थिति बदतर हो गई है। लोगों के घरों में कमर तक पानी भर गया है। इस जलभराव के कारण घरों में रखा खाने-पीने का राशन और कीमती सामान पूरी तरह खराब हो गया है, जबकि कई सामान पानी के तेज बहाव में बह गए हैं।

जावर क्षेत्र में उफनते नालों के बीच दांव पर जिंदगियां

जावर क्षेत्र में मानसून की पहली बड़ी बारिश के बाद से ही ग्रामीण इलाकों में आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। कई जगहों पर पुल-पुलिया पानी में पूरी तरह डूब चुकी हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक लापरवाही और मजबूरी के चलते यात्री और ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती पुलियाओं और उग्र नालों को पार करने को मजबूर हैं।

सहेजला, पीपलकोटा, मंडला, सरगांव, रोहिणी, धनगांव, गोहलारी, सकली और बोदूल सहित करीब एक दर्जन गांवों के लोगों का खंडवा मुख्य मार्ग से संपर्क टूट गया है। इन ग्रामीणों को शहर या अस्पताल पहुंचने के लिए तेज बहाव वाले खतरनाक नालों के बीच से गुजरना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें: कृषि कल्याण कार्यक्रम में ‘बत्ती गुल-माइक बंद’! VIP शो में लाइट गोल होने पर नपे 4 अफसर; 24 घंटे का अल्टीमेटम

पंधाना-खंडवा मार्ग 3 घंटे रहा बंद, राहगीर परेशान

इसी तरह पंधाना के दीवाल गांव में भी भारी बारिश के बाद नदी का पानी पुलिया के ऊपर से बहने लगा। इसके चलते सुरक्षा के लिहाज से पंधाना-खंडवा मुख्य मार्ग करीब तीन घंटे तक पूरी तरह बंद रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ग्रामीण कई घंटों तक परेशान होते रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m