शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पन्ना, सतना और रीवा समेत कई जिलों में तेज बारिश होने के आसार हैं। अगले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर 4 इंच तक पानी बरसने का अनुमान जताया गया है। प्रदेश के करीब 52 जिलों में बारिश का अनुमान है। हालांकि, लगातार बारिश के बावजूद मध्यप्रदेश में अब तक बारिश का कोटा पूरा नहीं हो पाया है। प्रदेश में सामान्य से करीब 20 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

पूर्वी MP में बारिश की कमी

बारिश की कमी का सबसे ज्यादा असर पूर्वी मध्यप्रदेश के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। रीवा और सतना समेत कई जिलों में सामान्य से 5 से 48 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। जुलाई के बाद अगस्त में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से कम बना हुआ है। वहीं प्रदेश के कुछ जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। ग्वालियर, भिंड समेत 6 जिले ऐसे हैं, जहां बारिश का आंकड़ा सामान्य से आगे है।

दतिया में बारिश से बिगड़े हालात

दतिया में तेज बारिश के बाद निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई जगह लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश का पानी सड़कों और रिहायशी इलाकों में जमा होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में बारिश की कमी वाले जिलों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m