भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां प्रदेश के कई जिलों में तीखी धूप खिल रही है, वहीं दूसरी तरफ पूर्वी हिस्से में आंधी और बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज भी एमपी के पूर्वी संभागों के कुछ जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।

रीवा संभाग के इन जिलों में बरसा पानी 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले कुछ समय से प्रदेश के पूर्वी इलाकों में नमी बनी हुई है, जिसके चलते बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियां दर्ज की जा रही हैं। ताजा अपडेट के मुताबिक रीवा संभाग के अंतर्गत आने वाले रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आई है।

भोपाल-इंदौर में खिलेगी धूप 

राजधानी भोपाल, व्यावसायिक नगरी इंदौर तथा राज्य के अधिकांश अन्य जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है। यहाँ सुबह से ही तेज धूप खिली रहेगी, जिससे दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस हो सकती है।

पचमढ़ी रहा सबसे ठंडा 

प्रदेशभर में मौसम के तापमान की बात करें तो मध्य प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा दर्ज किया गया है। यहाँ न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण हल्की ठंडक का अहसास बना हुआ है, जिसका लुत्फ उठाने के लिए सैलानी भी पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग की सलाह है कि पूर्वी हिस्से के किसान और आम नागरिक बदलते मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m