संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसून की रफ्तार तेज होने वाली है। प्रदेश में 23 सितंबर से बारिश का एक नया और मजबूत सिस्टम सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से 24 सितंबर से राज्य के कई हिस्सों में झमाझम और भारी बारिश देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी बदलाव के कारण यह नया दौर शुरू हो रहा है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम, 22 को पकड़ेगा जोर

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, 21 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो रहा है। 22 सितंबर को इसके और मजबूत होकर डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इस सिस्टम के आगे बढ़ने से 23 सितंबर से मध्य प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आएगा और नमी बढ़ने से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों में तेजी दर्ज की जाएगी।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 24 सितंबर से प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से विंध्य, महाकौशल और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है:

भारी बारिश वाले जिले: छतरपुर, सतना, दमोह, डिंडोरी, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा।

चेतावनी वाले अन्य जिले: नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा में भी मुसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।

अब तक औसत बारिश का 90.9% कोटा पूरा

इस मानसून सीजन में मध्य प्रदेश पर इंद्रदेव मेहरबान रहे हैं। प्रदेश में अब तक सीजन की औसत बारिश का 90.9% कोटा पूरा हो चुका है। आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में अब तक औसतन 33.9 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। 23 सितंबर से शुरू हो रहे इस नए सिस्टम से बाकी बचा कोटा भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m