संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से ठीक पहले एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मानसून के आखिरी दौर में एक नया और मजबूत सिस्टम सक्रिय हो रहा है, जिसके असर से 23 सितंबर से पूरे प्रदेश में तेज बारिश की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। मौसम विभाग के अनुसार, 24 और 25 सितंबर को इस सिस्टम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा।

17 जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 23 सितंबर से सक्रिय हो रहे नए सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के 17 जिलों में मूसलाधार से अति भारी बारिश हो सकती है। इसका मुख्य असर पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों के साथ-साथ भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में देखने को मिलेगा। बारिश का यह दौर आगामी दो से तीन दिनों तक लगातार जारी रहने की संभावना जताई गई है।

जुलाई-अगस्त में कोटा फुल, फिर भी सामान्य से 6% कम बारिश

प्रदेश में अब तक कुल 33.7 इंच औसत बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि सामान्य बारिश के आंकड़े से करीब 2.6 इंच यानि 6 प्रतिशत कम है। हालांकि जुलाई और अगस्त के महीनों में राज्य में बारिश का कोटा पूरी तरह फुल हो गया था, लेकिन जून महीने में पड़ी भीषण सूखा और शुरुआती कमी के कारण कुल औसत में यह अंतर बना हुआ है। इसके बावजूद अनूपपुर, छतरपुर समेत प्रदेश के 23 जिलों में अब तक सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हो चुकी है।

भोपाल में लगातार चौथे साल रिकॉर्ड बारिश की उम्मीद

राजधानी भोपाल की बात करें तो बीते 4 वर्षों से सितंबर के महीने में औसत से अधिक बारिश का रिकॉर्ड बनता आ रहा है। इस साल भी बारिश का आखिरी स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने से भोपाल में सितंबर के बारिश रिकॉर्ड टूटने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m