भोपाल। MP Weather Update: मध्य प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मौसम का ‘डबल अटैक’ जारी है। गर्मी की तपिश के बीच बारिश से मिलने वाली ठंडक ने मौसम तो खुशनुमा कर दिया है। लेकिन इस बेमौसम बारिश ने किसानों के माथे पर बल ला दिया है। दरअसल, मध्य प्रदेश के बीचों बीच सक्रिय दो ट्रफ लाइन और ऊपरी हिस्से में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने मौसम का पूरा पैटर्न बदल दिया है। इस बीच मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि कुछ जिलों में अगले 48 घंटों में भारी बारिश का दौर रहेगा।
एमपी में मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि आगामी 48 घंटे तक कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी और सिंगरौली जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई जगहों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
एमपी में कहीं गर्मी तो कहीं बारिश
इससे पहले शुक्रवार को कहीं तेज गर्मी तो कहीं आंधी-बारिश का दौर देखने को मिला। सिवनी, छिंदवाड़ा, रायसेन, सागर, दमोह, बालाघाट, भोपाल, देवास, खरगोन, राजगढ़, विदिशा, टीकमगढ़, अशोकनगर, शिवपुरी, बैतूल, नरसिंहपुर, मंडला, पांढुर्णा, डिंडौरी, अनूपपुर में कहीं तेज आंधी तो कहीं हल्की बारिश हुई।
एमपी में रतलाम रहा सबसे गर्म शहर
वहीं, दिन में कई जिलों में गर्मी का असर देखा गया। इस वजह से रतलाम में पारा 43.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शाजापुर में 42.6 डिग्री रहा। वहीं, पांच बड़े शहरों में उज्जैन में पारा 42.4 डिग्री, इंदौर-भोपाल में 41.2 डिग्री, जबलपुर में 38.8 डिग्री और ग्वालियर में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

