शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की चाल फिलहाल सुस्त पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 3 दिनों तक भारी बारिश की संभावना नहीं है और मानसून ‘ब्रेक’ की स्थिति में रहेगा। गुरुवार को भी राज्य के किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 13 सितंबर से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है, जिससे कई इलाकों में बारिश का दौर लौटेगा।
जून से अगस्त तक 14% कम बारिश, सामान्य से 7% पीछे प्रदेश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस सीजन में प्रदेश में बारिश का आंकड़ा अब तक सामान्य से 7 प्रतिशत पीछे चल रहा है। खासकर जून से अगस्त के महीनों के दौरान राज्य में औसतन 14 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मध्य प्रदेश की औसत सामान्य बारिश 37.3 इंच मानी जाती है, लेकिन राज्य के कई जिलों में अभी भी पानी की भारी कमी बनी हुई है और वे सूखे जैसे हालात से जूझ रहे हैं।
भोपाल में सितंबर में टूटे रिकॉर्ड; पिछले 5 वर्षों का आंकड़ा पार
एक तरफ जहां प्रदेश के कई जिले बारिश की कमी का सामना कर रहे हैं, वहीं राजधानी भोपाल में बादलों ने जमकर मेहरबानी दिखाई है। भोपाल में सितंबर के महीने में हुई बारिश ने बीते कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस बार राजधानी में पिछले 5 सालों की तुलना में सबसे ज्यादा पानी बरसा है, जिससे शहर के बड़े तालाब समेत प्रमुख जलस्रोत पूरी तरह लबालब हो चुके हैं।
13 सितंबर से फिर सक्रिय होगा नया सिस्टम
मौसम विभाग का अनुमान है कि 13 सितंबर से बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय हो सकता है। इसके असर से मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में एक बार फिर तेज और झमाझम बारिश का नया दौर शुरू होने की उम्मीद है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



