भोपाल। MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून का दौर जारी है, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के 55 जिलों में से 42 जिलों में अब तक औसत से कम वर्षा हुई है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगस्त महीने में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से वर्षा का कोटा काफी हद तक पूरा होने की संभावना है।

प्रदेश में अब तक औसतन 15.4 इंच बारिश

प्रदेश में अब तक औसतन 15.4 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से करीब 13 प्रतिशत कम है। पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में पिछले दिनों अच्छी बारिश हुई है, जिससे कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं। लगातार बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव और आवागमन भी प्रभावित हुआ है।

खेतों में पानी भरने से किसानों की बढ़ी चिंता

खंडवा जिले में तेज बारिश का सबसे अधिक असर कृषि पर देखने को मिला है। यहां कपास और मक्का की फसलें बारिश के कारण प्रभावित हुई हैं। खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

इसे भी पढ़े: 01 अगस्त महाकाल भस्म आरती: भांग, चंदन, ड्राईफ्रूट से बाबा का राजा स्वरूप में श्रृंगार, यहां कीजिए दर्शन

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में कोई मजबूत मानसूनी सिस्टम सक्रिय नहीं है। अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बहुत तेज बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

अगस्त में कोटा पूरा होने की उम्मीद

विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून का सिस्टम फिलहाल कमजोर पड़ रहा है, लेकिन अगस्त के दूसरे सप्ताह से नई मौसम प्रणालियां बनने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो प्रदेश के कम वर्षा वाले जिलों में भी अच्छी बारिश हो सकती है और बारिश की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m