अनिल मालवीय, सीहोर। शहर के रिहायशी इलाकों के समीप एक बार फिर वन्यजीव की मौजूदगी ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। मंगलवार सुबह अवधपुरी पानी की टंकी के पास टाइगर की चहलकदमी देखे जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है।
खेतों में मिले पगचिह्न और बैठने के निशान
स्थानीय रहवासियों के अनुसार सुबह पानी की टंकी के पास बाघ को देखा गया। इसके बाद वन विभाग को सूचित किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की तो सुनेर भाई के खेत में बाघ के फुटप्रिंट और उसके बैठने के स्पष्ट निशान मिले हैं। वनकर्मी लाठी-डंडों और आवश्यक उपकरणों के साथ लगातार आसपास के झाड़ियों व खेतों में कॉम्बिंग कर रहे हैं।
रहवासी कॉलोनियों के लिए अलर्ट जारी
बाघ की सक्रियता को देखते हुए प्रशासन और वन विभाग ने आसपास की कॉलोनियों रहवासियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे सुबह और शाम के समय अकेले बाहर न निकलें, बच्चों को घर में सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
एक सप्ताह में सीहोर जिले में कहाँ-कहाँ दिखी टाइगर की दहशत
सीहोर और इसके आसपास के वन क्षेत्रों में बीते एक सप्ताह से बाघ की आवाजाही लगातार दर्ज की जा रही है, जिससे ग्रामीण व शहरी दोनों इलाकों में खौफ का माहौल है। आज सुबह अवधपुरी पानी की टंकी और पास के सुनेर के खेतों में बाघ की मौजूदगी व पगचिह्न पुष्ट हुए। बीते दिनों इछावर मार्ग से सटे जंगलों के पास बाघ की गतिविधियां देखी गईं, जहां ग्रामीणों ने मवेशियों के शिकार की आशंका भी जताई थी।
रातापानी अभयारण्य से सटे बुधनी व शाहगंज के ग्रामीण इलाकों में भी पिछले 4-5 दिनों के भीतर बाघ और तेंदुए के मूवमेंट की खबरें सामने आई हैं, जहां खेतों में सिंचाई कर रहे किसानों ने टाइगर को देखा। वन विभाग का कहना है कि रातापानी व आसपास के जंगलों से सटे होने के कारण वन्यजीव भटककर रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। फिलहाल कॉम्बिंग गश्त बढ़ा दी गई है ताकि बाघ को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा जा सके।
इधर कटनी में सड़क पर तेंदुए का डेरा
अनूप दुबे, कटनी। कटनी जिले के रीठी वन परिक्षेत्र अंतर्गत नैगवा मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ सड़क पार करते हुए दिखाई दिया। वाहन से गुजर रहे लोगों ने तेंदुए को सड़क पार करते देखा। वाहन की हलचल देखकर तेंदुआ सड़क से नीचे उतरकर कुछ दूरी पर बैठ गया और काफी देर तक वहीं मौजूद रहा। तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए राहगीरों को सावधान किया गया और लोगों को सुरक्षित तरीके से वहां से निकलने की सलाह दी गई। इसके बाद स्टाफ और अन्य राहगीर सावधानीपूर्वक वहां से निकले। तेंदुआ दिखाई देने की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। मार्ग से गुजरने वाले लोगों से सतर्कता बरतने और तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने की अपील की गई है।
जबलपुर में गणेश मंदिर के पास कारखाने में मिला कोबरा
कुमार इंदर, जबलपुर। इधर मध्य प्रदेश के जबलपुर में गणेश मंदिर के पास कारखाने में अचानक जहरीला कोबरा सांप दिखने से हड़कंप मच गया। जहरीले सांप को देख लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंचे सर्प विशेषज्ञ ने स्नेक का सुरक्षित रेस्क्यू किया। ग्वारीघाट गणेश मंदिर के पास स्थित कारखाना में निकला था कोबरा। कड़ी मशक्कत के बाद कोबरा का रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर उसे छोड़ा गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

