चेन्नई। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। चेन्नई में बीते रविवार नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स (NSG) के रीजनल हब पहुंचे धोनी ने कमांडोज के साथ समय बिताया, आधुनिक हथियारों की ट्रेनिंग देखी और खुद भी सब-मशीनगन व पिस्टल से निशाने लगाए। धोनी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बता दें कि 44 वर्षीय धोनी काले रंग की टी-शर्ट और डेनिम पहनकर परिवार के साथ NSG रीजनल हब पहुंचे थे। यहां उन्होंने कमांडोज और उनके परिवारों से मुलाकात की और काफी देर तक बातचीत की। इस दौरान धोनी ने मुस्कुराते हुए जवानों से पूछा, “फिट लग रहा हूं ना?” इस पर कमांडोज ने जवाब दिया, “पिछली बार से ज्यादा फिट लग रहे हैं।”

धोनी ने जवानों के साथ देश की सुरक्षा और ट्रेनिंग से जुड़ी कई बातें भी जानीं। उन्होंने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ फिटनेस बनाए रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। गौरतलब है कि धोनी इससे पहले भी 2023 में NSG कैंप का दौरा कर चुके हैं।

पिस्टल हाथ में आते ही दिखा प्रोफेशनल शूटर वाला अंदाज

ट्रेनिंग सेंटर के दौरे के दौरान धोनी ने एक कमांडो से पिस्तौल मांगी और शूटिंग रेंज में पहुंच गए। साधारण कपड़ों में नजर आ रहे धोनी ने जैसे ही हथियार हाथ में लिया, उनका अंदाज किसी प्रोफेशनल शूटर जैसा दिखने लगा।

उन्होंने सामने रखे छह टारगेट्स पर एक-एक कर फायर किया और सभी निशानों पर सटीक वार किया। सबसे खास बात यह रही कि उनकी एक भी गोली निशाने से नहीं चूकी। धोनी की शानदार शूटिंग देखकर वहां मौजूद कमांडोज भी हैरान रह गए।

चोट के कारण IPL में अब तक नहीं खेल पाए धोनी

धोनी फिलहाल चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं, लेकिन चोट के कारण इस सीजन अब तक एक भी मुकाबला नहीं खेल सके हैं। सोमवार को चेन्नई में खेले जा रहे CSK के आखिरी लीग मैच में उनके खेलने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन टॉस के दौरान कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने साफ किया कि धोनी अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और इस मुकाबले में नहीं खेलेंगे।

सेना से खास जुड़ाव रखते हैं धोनी

एमएस धोनी का भारतीय सेना से खास लगाव रहा है। वे टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं और पैराशूट रेजीमेंट की 106 पैरा टेरिटोरियल आर्मी बटालियन का हिस्सा हैं।

  • 2011: धोनी को टेरिटोरियल आर्मी की पैराशूट रेजीमेंट में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक दी गई।
  • 2015: आगरा में सैन्य विमान से पांच अनिवार्य जंप पूरी कर क्वालिफाइड पैराट्रूपर बने।
  • 2018: पद्म भूषण सम्मान लेने राष्ट्रपति भवन सेना की यूनिफॉर्म में पहुंचे।
  • 2019: वर्ल्ड कप के बाद क्रिकेट से ब्रेक लेकर जम्मू-कश्मीर में 106 इन्फैंट्री बटालियन के साथ दो सप्ताह बिताए। इस दौरान उन्होंने गार्ड ड्यूटी और पेट्रोलिंग भी की थी।

CSK के लिए करो या मरो का मुकाबला

चेन्नई सुपर किंग्स सोमवार को चेपॉक स्टेडियम में सीजन का अपना आखिरी होम मैच खेल रही है। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। अगर ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली CSK सनराइजर्स हैदराबाद को हराने में सफल रहती है, तो उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रहेंगी।

मैच से पहले CSK ने फैंस के लिए खास संदेश भी जारी किया है। फ्रेंचाइजी ने दर्शकों से मैच खत्म होने के बाद स्टेडियम में रुकने की अपील की है, क्योंकि पूरी टीम मैदान का चक्कर लगाकर फैंस का शुक्रिया अदा करेगी। इस दौरान खिलाड़ियों की ओर से गुडीज भी बांटे जाएंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H