अशोक कुमार जायसवाल, मुगलसराय. जीटी रोड चौड़ीकरण अभियान के तहत शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय पर बुल्डोजर चलाए जाने के बाद तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई. प्रशासन की इस कार्रवाई के विरोध में पूर्व सांसद रामकिशुन अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए और धरने पर बैठ गए. मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कस्बा स्थित जीटी रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में शुक्रवार को उप जिलाधिकारी, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जीटी रोड पर स्थित सपा कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया.
कार्यालय तोड़े जाने की सूचना मिलते ही पूर्व सांसद रामकिशुन अपने समर्थकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने प्रशासन पर मनमानी कार्रवाई का आरोप लगाया. रामकिशुन ने कहा कि बिना उचित प्रक्रिया अपनाए पार्टी कार्यालय को तोड़ा गया है. उन्होंने व्यापारियों की दुकानों पर चल रही कार्रवाई का भी विरोध करते हुए इसे व्यापारियों का उत्पीड़न बताया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. “इंकलाब जिंदाबाद”, “प्रशासन मुर्दाबाद” और “व्यापारियों के साथ न्याय करो” जैसे नारे लगाए गए. प्रदर्शनकारी स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग कर रहे थे।
इसे भी पढ़ें : राहुल-अखिलेश ने झूठा ढिंढोरा पीटकर… केशव मौर्य ने सपा और कांग्रेस नेता पर बोला हमला, संविधान और आरक्षण को लेकर कही बड़ी बात
इस विरोध प्रदर्शन के कारण जीटी रोड पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और व्यापारी जुट गए, जिससे यातायात बाधित हो गया और जाम की स्थिति बन गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक हंगामा और नारेबाजी जारी थी। जीटी रोड चौड़ीकरण परियोजना के तहत सड़क किनारे बने कई निर्माण और दुकानों को हटाया जा रहा है, जिससे व्यापारियों में नाराजगी बढ़ रही है। इस पूरे मामले पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

