चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित रतनपुर गांव से शनिवार दोपहर अपहृत हुए साढ़े पांच वर्षीय मासूम शिवम को पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज ढाई घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पारिवारिक विवाद के चलते हरियाणा से आए पिता द्वारा बच्चे को कार में ले जाने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व टोल प्लाजा से वाहन ट्रेस कर कार्रवाई की।
अशोक कुमार जायसवाल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के रतनपुर गांव से शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक साढ़े पांच वर्षीय मासूम बच्चे के कथित अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मुगलसराय पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए महज ढाई घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
मायके में रह रही थी मां
जानकारी के अनुसार रतनपुर निवासी रजनी पटेल ने डायल-112 पर सूचना दी कि उनके साढ़े पांच वर्षीय बेटे शिवम को दो लोग कार में जबरन बैठाकर अपने साथ ले गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच में पता चला कि रजनी पटेल का अपने पति सोमवीर, जो हरियाणा के निवासी हैं, से पारिवारिक विवाद चल रहा है। करीब दो महीने पहले रजनी अपने बेटे शिवम को लेकर बिना बताए मायके चली आई थीं, जबकि उनकी लगभग साढ़े नौ वर्षीय बेटी अवनी अपने पिता के साथ हरियाणा में ही रह गई थी।
कार से बच्चे को ले गया पिता
बताया गया कि सोमवीर लगातार फोन पर बेटे को अपने साथ ले जाने की बात कहता रहा था। शनिवार को वह एक अन्य व्यक्ति के साथ कार से रतनपुर पहुंचा और बच्चे को अपने साथ लेकर चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कार रामनगर होते हुए हाईवे की ओर जाती दिखाई दी। इसके बाद टोल प्लाजा के माध्यम से वाहन का नंबर ट्रेस किया गया और तत्काल हाईवे के विभिन्न थानों को अलर्ट किया गया।
हाईवे पर घेराबंदी कर सफलता
मुगलसराय पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए पीछा किया, जबकि आगे के जनपदों की पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया। पुलिस की मुस्तैदी के चलते हाईवे पर आगे कार को रोक लिया गया और मासूम शिवम को सकुशल बरामद कर लिया गया।
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की सभी टीमें सक्रिय कर दी गई थीं। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से वाहन का रूट ट्रेस किया गया, जिसके बाद बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि बच्चे को लेकर जाने वाले लोगों को भी हिरासत में लेकर मुगलसराय लाया जा रहा है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बच्चे को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसके परिजनों को सुपुर्द करेगी।

