Mukundra Tiger Reserve Online Safari Booking: राजस्थान के मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में अब पर्यटक घर बैठे टाइगर और जंगल सफारी की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। रिजर्व प्रबंधन ने इस सुविधा की तैयारियां पूरी कर ली हैं और करीब 10 दिन में ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू होने की उम्मीद है।

दिवाली के बाद लागू होने वाली इस व्यवस्था से दिसंबर की छुट्टियों और नए साल के दौरान पर्यटकों को सहूलियत मिलेगी। अभी यहां कुछ स्वीकृत रूटों पर ऑफलाइन बुकिंग के जरिए ही सफारी संचालित हो रही है।
एक ही सरकारी वेबसाइट पर होगी मुकुंदरा की बुकिंग
मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के उपवन संरक्षक मुथु सोमासुंदरम के मुताबिक, ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। रिजर्व से जुड़ा डाटा भी प्रदेश के टाइगर रिजर्व, सेंचुरी और बायोलॉजिकल पार्क की बुकिंग वाली सरकारी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। फिलहाल तकनीकी प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होते ही पर्यटक ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे। इस सुविधा का सबसे ज्यादा फायदा उन पर्यटकों को होगा, जो राजस्थान के दूसरे शहरों या राज्यों से मुकुंदरा घूमने आते हैं। अब तक कई लोगों को यहां ऑफलाइन बुकिंग की जानकारी नहीं मिल पाती थी। ऐसे में वे सफारी का लाभ नहीं उठा पाते थे।
रणथंभौर और सरिस्का में स्लॉट नहीं मिला तो मुकुंदरा का विकल्प
अधिकारी के अनुसार, कई पर्यटक सरिस्का, रणथंभौर और रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में सफारी की बुकिंग नहीं कर पाते हैं। ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने के बाद वे मुकुंदरा में भी सफारी के लिए स्लॉट देख सकेंगे और टिकट बुक कर सकेंगे। वेबसाइट पर सफारी वाहनों, खाली सीटों, टिकट शुल्क और उपलब्ध रूटों की जानकारी भी मिलेगी। इससे पर्यटक अपनी यात्रा की योजना पहले से बना सकेंगे।
ईमेल, मोबाइल या SSO ID से कर सकेंगे लॉगिन
ऑनलाइन टिकट बुक करने के लिए पर्यटकों को सरकारी वेबसाइट पर लॉगिन करना होगा। इसके लिए ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर या राजस्थान की SSO ID का इस्तेमाल किया जा सकेगा। बुकिंग के दौरान प्रत्येक पर्यटक की पहचान से जुड़ा दस्तावेज देना अनिवार्य होगा। इसके लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर ID, पैन कार्ड, ऑफिस ID और स्टूडेंट ID मान्य होंगे। लॉगिन एक मोबाइल नंबर से किया जा सकेगा, लेकिन सफारी में साथ जाने वाले सभी पर्यटकों की व्यक्तिगत जानकारी और ID भरनी होगी।
फर्जी वेबसाइट से टिकट बुक करने से बचें
मुथु सोमासुंदरम ने बताया कि मुकुंदरा की सफारी बुकिंग राजस्थान वन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए होगी। पर्यटक https://obms-tourist.rajasthan.gov.in पर जाकर टिकट बुक कर सकेंगे। उन्होंने पर्यटकों से अपील की है कि टिकट बुक करते समय केवल वन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें। ऑनलाइन कई फर्जी और निजी वेबसाइट भी मौजूद हैं, जिनके जरिए बुकिंग करने पर परेशानी हो सकती है।
नया दौलतगंज रूट भी जल्द खुलेगा
मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में फिलहाल बफर जोन के पांच और कोर जोन के तीन रूट स्वीकृत हैं। हाल ही में दौलतगंज रेंज का एक नया रूट भी मंजूर हुआ है। इसे राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) और राज्य सरकार, दोनों से अनुमति मिल चुकी है। इस रूट पर पर्यटक गरडिया व्यू पॉइंट को नए अंदाज में देख सकेंगे। खास बात यह है कि इस रास्ते से गरडिया व्यू पॉइंट तक पहुंचने के लिए चंबल नदी पार नहीं करनी पड़ेगी। जंगल सफारी के लिहाज से रूट तैयार कर लिया गया है और इसे जल्द पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। रिजर्व प्रबंधन के अनुसार, हाल के दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। नए रूट और ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू होने से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।
मुकुंदरा टाइगर रिजर्व में सफारी के स्वीकृत रूट
बफर जोन के पांच रूट
- बोराबांस रेंज: बंधा-बग्गी रोड-अखावा-बलिंडा-बंधा।
- कोलीपुरा रेंज: नागनी चौकी चेक पोस्ट-कालाकोट-दीपपुरा घाटा-कान्या तालाब-नागनी चौकी चेक पोस्ट।
- रावठा रेंज: मंदरगढ़ बेरियर-मंदरगढ़ तालाब-केशोपुरा-रोझा तालाब-मंदरगढ़ बेरियर।
- दरा रेंज: मौरूकलां-बंजर-रेतिया तलाई-पटपड़िया-सावनभादो।
- दौलतगंज रेंज (नया रूट): कोटिया भील, नया गरडिया-चंबल व्यू पॉइंट रथकांकरा तक।
कोर जोन के तीन रूट
- गागरोन रेंज: घाटी माता-घाटी जांगीर किला-लक्ष्मीपुरा-नोलाव-गिद्धकराई-मशालपुरा-नारायणपुरा।
- रावंठा रेंज: रावंठा महल-राम सागर डेम-मोहनपुरा-मंदरगढ़।
- रावंठा रेंज: गडे की माला-झामरा-रामपुरिया पहाड़-लक्ष्मीपुरा-भंवरिया घाटी-राम सागर डेम-रावंठा महल।
पढ़ें ये खबरें
- यूरिया के विकल्प के तौर पर ‘ग्रीन अमोनिया’ का सरकार कर रही परीक्षण, दो-तिहाई तक कम हो सकती है उर्वरक की लागत…
- 9000mAh बैटरी और 200MP कैमरा : OnePlus ने लॉन्च की नई Ace 7 सीरीज, जानें कीमत और फीचर्स
- भूलकर भी न करें ये काम : थाली में जूठन, बिस्तर पर खाना और रात में दही खाने से रूठ जाते हैं ग्रह …
- चचेरे भाई ने नाबालिग को बनाया हवस का शिकार, परिवार ने भी नहीं दिया साथ, अब कोर्ट ने सुनाई 20 साल की सजा
- बाइक के उड़े परखच्चे, सड़क पर बिखरी जिंदगी, एक युवक की मौत

