मुगलसराय नगर पालिका बोर्ड की बैठक में सफाई व्यवस्था, कर्मचारियों को हटाने और महिला सभासदों की समस्याओं को लेकर बहस हुई. ईओ धर्मराज सिंह ने सफाई व्यवस्था में सुधार, वार्डों के निरीक्षण और सड़क व जलभराव की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया.
अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में मुगलसराय नगर पालिका बोर्ड की बैठक में सफाई व्यवस्था, कर्मचारियों को हटाने और महिला सभासदों की समस्याओं की सुनवाई को लेकर जमकर बहस हुई. बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष सोनू किन्नर ने की. अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह ने नगर के विकास और विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर सभासदों के साथ चर्चा की.
कर्मचारियों को हटाने पर बहस
बैठक के दौरान सभासद मुर्शीद बेगम ने कर्मचारियों को हटाए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसी कर्मचारी को हटाने से पहले बोर्ड के सदस्यों को इसकी जानकारी दी जानी चाहिए. इसको लेकर उनकी ईओ धर्मराज सिंह से तीखी नोकझोंक हुई. ईओ ने बताया कि ईओ आवास की सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण संबंधित कर्मचारियों को हटाया गया है.

महिला सभासदों की शिकायत
सफाई व्यवस्था को लेकर कई सभासदों ने नाराजगी जताई. महिला सभासदों ने आरोप लगाया कि महिला होने के कारण उनकी समस्याओं को अपेक्षित गंभीरता से नहीं सुना जाता. इस पर ईओ धर्मराज सिंह ने कहा कि बोर्ड एक परिवार की तरह है और महिला सभासदों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है. उन्होंने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया.
सफाई व्यवस्था में सुधार
ईओ ने बताया कि कुछ मोहल्लों में सफाईकर्मी नियमित रूप से नहीं पहुंच रहे हैं. इसके लिए सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं. वह स्वयं प्रतिदिन सुबह वार्डों का निरीक्षण करेंगे. उन्होंने बताया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का कार्य करीब दो माह में पूरा होने की उम्मीद है, जबकि एमआरएफ सेंटर को भी स्वीकृति मिल चुकी है.

सड़क और जलभराव
सड़कों और जलभराव के संबंध में ईओ ने कहा कि करीब 70-80 प्रतिशत सड़कों के टेंडर स्वीकृत हो चुके हैं. आगामी दो-तीन महीनों में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या में काफी सुधार आने की उम्मीद है.
25 सभासद मौजूद
बैठक में 25 सभासद मौजूद रहे. इनमें गीता रानी, भीम मोदी, राकेश कनौजिया, रमेश चंद्र शर्मा, कमलाकर दुबे, राजेश जायसवाल, शैलेंद्र गुप्ता, रमेश चौहान, संतोष कुमार, पारस यादव, वंश नारायण चौहान, महेंद्र पटेल, सुनील विश्वकर्मा, पिंकी शर्मा, निधि तिवारी, सरस्वती देवी, सुरेंद्र चौहान, वकार जाहिद बला, अमित खरवार, आरती यादव, सरिता देवी, मुर्शीद बेगम, सरोज देवी, पुष्पा देवी, रेखा यादव, भारती यादव, रत्ना गुप्ता, आफताब पप्पू, ममता देवी और संगीता देवी शामिल रहीं.


