प्रदीप मालवीय, उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन के नगर पालिका निगम में पदस्थ एक वरिष्ठ अधिकारी की बैंकॉक-थाईलैंड यात्रा और खान-पान का तरीका अब उनके लिए गले की फांस बन गया है। उज्जैन नगर निगम के भवन अधिकारी (Building Officer) राजकुमार राठौर का अपनी पत्नी के साथ मगरमच्छ का मांस (Crocodile Meat) खाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि अधिकारी ने विदेश यात्रा के लिए शासन या निगम से कोई प्रशासनिक अनुमति नहीं ली थी। बिना अनुमति विदेश दौरे और वायरल वीडियो को लेकर अब उन पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
खुद शेयर किया वीडियो, लिखा- ‘थाईलैंड में पहली बार…’
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमार राठौर उज्जैन नगर निगम के जोन क्रमांक 1, 2 और 3 में भवन अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। हाल ही में वे अपनी पत्नी के साथ थाईलैंड यात्रा पर गए थे, जहाँ एक रेस्टोरेंट में मगरमच्छ का मांस खाते हुए उन्होंने अपना वीडियो रिकॉर्ड कराया। कैप्शन बना विवाद की वजह: अधिकारी ने खुद इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और कैप्शन में अंग्रेजी में लिखा—‘Trying crocodile for the first time in Thailand’ यानी “थाईलैंड में पहली बार मगरमच्छ का मांस चखना।” वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
नहीं ली विदेश जाने की अनुमति, होगी विभागीय कार्रवाई
शासकीय सेवा नियमों के तहत किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी को विदेश यात्रा पर जाने से पहले अपने विभाग और शासन से पूर्व अनुमति (NOC) लेना अनिवार्य होता है। मामले पर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने घटना पुष्टि की है कि भवन अधिकारी राजकुमार राठौर द्वारा विदेश जाने के लिए कोई भी अनुमति नहीं ली गई थी। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति विदेश यात्रा करने और सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन को लेकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर विभागीय व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

