कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा ने नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी ने राज्य संकल्प पत्र निर्माण समिति का गठन किया है, जो चुनाव के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस समिति में कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इसमें हरियाणा सरकार के मंत्री विपुल गोयल, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, पानीपत मेयर श्रीमती कोमल सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष वेदपाल एडवोकेट और वाइस चेयरमैन स्वच्छ भारत मिशन सुभाष चंद्र जैसे नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पार्टी का कहना है कि यह समिति नगर निकाय चुनाव के लिए एक मजबूत और जनहितकारी संकल्प पत्र तैयार करेगी, जिसमें शहरी विकास, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष फोकस रहेगा।

यह प्रेस विज्ञप्ति हरियाणा बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली की ओर से जारी की गई है।