संदीप शर्मा, विदिशा। मशहूर बॉलीवुड फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ की तरह मिलता-जुलता और सनसनीखेज मामला विदिशा जिले के संजीवनी क्लीनिक से सामने आया है। यहां राज्य स्तर से पदस्थ किए गए दो डॉक्टर उस वक्त से लापता हैं, जब से उनके दस्तावेज (Documents) की जांच के आदेश दिए गए।

संदेह हुआ तो मंगवाए कागज

जानकारी के अनुसार, अगस्त 2025 में विदिशा के संजीवनी क्लीनिक में राज्य स्तर से दो डॉक्टरों मुकेश जाटव और मुकेश कुमार अहिरवार (चिढ़ार) की नियुक्ति की गई थी। नियुक्ति के बाद जब वर्तमान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. रामहित कुमार ने संजीवनी क्लीनिक का औचक निरीक्षण किया, तो उन्हें इन दोनों डॉक्टरों की कार्यप्रणाली और उपस्थिति पर कुछ संदेह हुआ। संदेह के आधार पर दोनों डॉक्टरों के शैक्षणिक और नियुक्ति संबंधी दस्तावेज जांच के लिए तलब किए। लेकिन जैसे ही इन डॉक्टरों को भनक लगी कि उनके कागजों की स्क्रूटनी (जांच) होने वाली है, दोनों डॉक्टर क्लीनिक से गायब हो गए। उस दिन से लेकर आज तक दोनों डॉक्टरों का कोई अता-पता नहीं है।

MP राज्यसभा चुनाव: उम्मीदवार बनते ही कमलनाथ से मिलीं मीनाक्षी नटराजन, विधायक दल की बैठक कल

फोन बंद, एमडी ऑफिस को भेजी गई रिपोर्ट

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब स्वास्थ्य विभाग से इन डॉक्टरों के संबंध में जानकारी चाही गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। सीएमएचओ डॉ. रामहित कुमार ने कहा- संजीवनी क्लीनिक के निरीक्षण के दौरान हमें कुछ संदेह हुआ था, जिसके बाद संबंधित डॉक्टरों से दस्तावेज मांगे गए थे। सूचना मिलते ही दोनों डॉक्टर गायब हैं। हमने उन्हें फोन के माध्यम से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया है।

MP राज्यसभा चुनाव: बीजेपी का बड़ा दांव, कांग्रेस में मचे घमासान पर शिवराज, विजयवर्गीय और आशीष अग्रवाल का तीखा हमला

कई बड़े सवाल खड़े कर रहा

इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों (एमडी ऑफिस) को लिखित में भेज दी गई है। तब से वे डॉक्टर कहां हैं, हमें इसकी कोई जानकारी नहीं है।” अब स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इस बात की गहराई से जांच कर रहा है कि क्या ये वाकई ‘मुन्ना भाई’ थे या फिर गायब होने के पीछे की वजह कुछ और है। बहरहाल, सरकारी क्लीनिक से इस तरह डॉक्टरों का गायब होना कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

रामहित कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, विदिशा

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m