शिखिल ब्यौहार, भोपाल। राजधानी भोपाल में हुए हाईप्रोफाइल रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस को बड़ा सुराग हाथ लगा है। भोपाल से करीब 612 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के वृंदावन में फरार आरोपी केयरटेकर वरुण की लोकेशन ट्रेस हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीमों ने आगरा-वृंदावन हाईवे के आसपास और संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश देना शुरू कर दिया है।
लोकल ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल बना पुलिस के लिए चुनौती
जांच में सामने आया है कि आरोपी वरुण लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है और बीते 24 घंटे से पुलिस को आगरा-वृंदावन हाईवे के आसपास ही उसके मूवमेंट की आशंका है। वह पुलिस को चकमा देने के लिए एक जगह ज्यादा देर नहीं ठहर रहा है और आवाजाही के लिए लोकल ट्रांसपोर्ट का सहारा ले रहा है। बस, ऑटो और स्थानीय साधनों का लगातार इस्तेमाल करने की वजह से आरोपी की सटीक घेराबंदी करना पुलिस टीमों के लिए कड़ी चुनौती बना हुआ है।
साक्ष्य मिटाने की साजिश और फरार आरोपी
उल्लेखनीय है कि वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी केयरटेकर फरार है। उसने साक्ष्य मिटाने की नीयत से घर के गैस सिलेंडर खोल दिए थे और गहने, नकदी व मोबाइल लेकर चंपत हो गया था। पुलिस की कई टीमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता आरोपी को जल्द से जल्द शिकंजे में लेकर पूरे हत्याकांड का खुलासा करने की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

