अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गोहपारू थाना पुलिस ने चरित्र संदेह में अपनी पत्नी और सास की नृशंस हत्या करने वाले फरार आरोपी पति दिनेश रजक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दोनों की हत्या करने के बाद शवों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया था और फरार हो गया था।
चरित्र संदेह में खटिया के पाए से बोला हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोहपारू क्षेत्र के नवागांव निवासी दिनेश रजक की शादी करीब एक साल पहले सीधी जिले की रुचि से हुई थी। 4 अक्टूबर को चरित्र संदेह को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसमें दिनेश मारपीट करने लगा। उसी समय बेटी को मायके ले जाने आई सास सावित्री देवी ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने आपा खो दिया। उसने पास ही पड़े खटिया के पाए से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
शवों को कमरे में बंद कर लगाया ताला
वारदात के बाद आरोपी ने दोनों के शवों को कमरे में बंद किया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। 8 अक्टूबर को बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर शव बरामद किए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
गुजरात से भागकर जंगल में छिपा आरोपी
दोहरे हत्याकांड का मामला दर्ज कर पुलिस जब आरोपी की तलाश में जुटी, तो उसके गुजरात में होने की लोकेशन मिली। गोहपारू पुलिस की टीम गुजरात पहुंची, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही आरोपी वहां से भाग निकला और गोहपारू के जंगलों में आकर छिप गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे जंगल से धर दबोचा। फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

