अजयारविंद नामदेव, शहडोल। बहुचर्चित रामपुर गोलीकांड में चिकन शॉप संचालक की हत्या के बाद फरार चल रहा 30 हजार रुपये का इनामी आरोपी राजकुमार शर्मा छतरपुर के बाबा बागेश्वर धाम में भेष बदलकर फरारी काट रहा था। अमलाई पुलिस ने जब उसे पकड़ने के लिए धाम में दबिश दी तो वह हाथ नहीं आया, लेकिन कुछ देर बाद खाना खाने की लाइन में थाली लेकर खड़ा मिल गया,पुलिस को देखते ही आरोपी थाली छोड़कर भागा, मगर पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
घटना अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर की
दरअसल घटना अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर की है। 13 जुलाई को रज्जन कहार अपनी चिकन शॉप पर मौजूद थे, तभी आदतन अपराधी राजकुमार शर्मा वहां पहुंचा और हवाई फायरिंग करने लगा। रज्जन ने विरोध करते हुए फायरिंग करने से रोका, तो आरोपी ने सीधे रज्जन पर गोली दाग दी। गंभीर रूप से घायल रज्जन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद गिरफ्तारी के डर से आरोपी संतों की शरण में छिपता रहा, वह सबसे पहले छतरपुर के जटायु धाम पहुंचा, लेकिन पकड़े जाने के खौफ से वहां से मैहर भाग निकला।
आरोपी अमलाई पुलिस की हिरासत में
मैहर में कुछ दिन रुकने के बाद वह बागेश्वर धाम आश्रम पहुंचा और वेशभूषा बदलकर वहीं शरण ले ली। सुरागों के आधार पर अमलाई पुलिस की एक विशेष टीम बागेश्वर धाम आश्रम पहुंची। सघन जांच के दौरान पुलिस को भोजन की कतार में थाली लिए खड़े एक संदिग्ध व्यक्ति पर शक हुआ जैसे ही पुलिसकर्मी उसकी ओर बढ़े, आरोपी थाली वहीं फेंककर भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी अमलाई पुलिस की हिरासत में है। एसडीओपी विकास पांडेय का कहना है, हत्या के मामले के फरार आरोपी को हिरासत में लिया गया है, आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


