कुमार इंदर, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर से पहचान छिपाकर (लव जिहाद) युवती को प्रेम जाल में फंसाने और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यहां एक डेंटिस्ट ने मुस्लिम से हिंदू होने का नाटक रचा और अपना नाम ‘राजकुमार’ बताकर अपने ही क्लीनिक में काम करने वाली असिस्टेंट युवती को हवस का शिकार बनाया। आरोपी की हकीकत सामने आने के बाद हिंदू संगठनों के भारी हंगामे के बीच पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ दुष्कर्म और ST-SC एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

क्लीनिक असिस्टेंट को ‘राजकुमार’ बनकर फंसाया

जानकारी के अनुसार, आरोपी का असली नाम सैयद इशाक असरार है। उसने खुद को ‘राजकुमार’ बताकर पीड़िता को अपने झांसे में लिया था। आरोपी ने शादी का झांसा देकर विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित एक मकान में युवती के साथ दुराचार की वारदात को अंजाम दिया। जब पीड़िता को उसकी असलियत और असली नाम का पता चला, तो उसने विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं से मदद मांगी।

8 बार बदला आधार कार्ड, दो-दो नामों के मिले ID

पुलिस जांच में आरोपी को लेकर बेहद चौंकाने वाले और शातिर खुलासे हुए हैं। आरोपी सैयद इशाक असरार इतना शातिर है कि उसने अब तक 8 बार अपने आधार कार्ड में नाम और पते में बदलाव करवाया था। पुलिस को तलाशी के दौरान आरोपी के पास से ‘राजकुमार’ और ‘सैयद इशाक असरार’ दोनों नामों के अलग-अलग आधार कार्ड बरामद हुए हैं, जिससे वह अपनी पहचान छुपाकर लोगों को धोखा दे रहा था।

कर चुका है 3 शादियां, हैदराबाद में रहती है एक पत्नी

पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि आरोपी डेंटिस्ट एक आदतन धोखेबाज है। वह पहले भी तीन शादियां कर चुका है। उसकी एक पूर्व पत्नी वर्तमान में हैदराबाद में रहती है। आरोपी मूल रूप से कहाँ का रहने वाला है, पुलिस अब उसके मूल स्थान का पता लगाने की कोशिश कर रही है। वह इससे पहले पश्चिम बंगाल सहित देश के कई अन्य राज्यों में भी डेंटिस्ट के तौर पर प्रैक्टिस कर चुका है।

मदनमहल थाने में हंगामा, विजयनगर पुलिस जांच में जुटी

शनिवार की शाम विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पीड़ित युवती को लेकर मदनमहल थाने पहुंचे थे, जहाँ कार्यकर्ताओं ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर भारी हंगामा किया। मामला दर्ज होने के बाद मदनमहल पुलिस ने जीरो पर कायमी कर डायरी विजयनगर थाने भेज दी है, क्योंकि घटना स्थल विजयनगर क्षेत्र का था। पुलिस ने आरोपी सैयद इशाक असरार के खिलाफ दुष्कर्म और अनुसूचित जाति-जनजाति (ST-SC) अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया और पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है।

37 लीटर की टंकी में डाल दिया 41 लीटर पेट्रोल! पंप की ‘जादुई’ चोरी का खुलासा, सब-इंस्पेक्टर के साथ धोखाधड़ी

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m