मसूरी-देहरादून मार्ग पर मंगलवार सुबह पानी वाले बैंड के पास भारी भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया, जिससे यातायात पूरी तरह बंद हो गया था. लोक निर्माण विभाग ने करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद पहाड़ काटकर एकल वाहन के आवागमन लायक रास्ता तैयार किया.

मसूरी. लगातार बारिश के बीच मंगलवार सुबह पानी वाले बैंड के पास हुए भारी भूस्खलन से मसूरी-देहरादून मार्ग का बड़ा हिस्सा बह गया. इससे देहरादून से मसूरी और मसूरी से देहरादून आने-जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया और दोनों ओर वाहनों के फंसने की स्थिति बन गई.

करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद लोक निर्माण विभाग की टीम ने पहाड़ को काटकर एकल वाहन के आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्ता तैयार किया. अब इसी वनवे मार्ग से वाहनों को एक-एक कर निकाला जा रहा है.

पहले भी बंद हुआ था मार्ग

इससे पहले सोमवार देर रात गलोगीधार के पास भारी भूस्खलन हुआ था. सड़क पर मलबे के साथ बड़े-बड़े बोल्डर आने के बाद लोक निर्माण विभाग की टीम ने करीब आठ घंटे काम किया और रात लगभग दो बजे मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया था.

लोगों को मार्ग खुलने से राहत मिली ही थी कि कुछ घंटे बाद पानी वाले बैंड के पास दोबारा भूस्खलन हो गया. इस बार सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह जाने से यातायात के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची और मार्ग फिर बंद हो गया.

सड़क खोलने में जुटी टीम

पानी वाले बैंड के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी मौके पर डटे रहे. जेसीबी और अन्य मशीनों की सहायता से मलबा हटाने के साथ पहाड़ काटकर वैकल्पिक रास्ता तैयार किया गया.

लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण सड़क खोलने के काम में चुनौती बनी रही. सड़क बंद होने से मसूरी आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

किमाड़ी रोड बना विकल्प

मुख्य मार्ग बंद होने के बाद लोग वैकल्पिक रास्ते के तौर पर मसूरी-किमाड़ी रोड का इस्तेमाल कर रहे थे. हालांकि यह सड़क कई स्थानों पर काफी संकरी है.

इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से मसूरी-किमाड़ी रोड पर सावधानी के साथ आवाजाही करने की अपील की है. मुख्य मार्ग पर फिलहाल वनवे रास्ते से वाहनों को बारी-बारी से निकाला जा रहा है.