मुजफ्फरनगर. खतौली क्षेत्र में चलती ट्रेन में एक मदरसे के छात्र के साथ मारपीट, अभद्रता और जबरन शराब पिलाने की कोशिश का मामला सामने आया है. छात्र का आरोप है कि शराब के नशे में धुत करीब 10 से 12 युवकों ने उसकी दाढ़ी पकड़कर उसके साथ मारपीट की. विरोध करने पर कथित तौर पर उसे चलती ट्रेन से बाहर फेंकने की भी कोशिश की गई. अन्य यात्रियों के हस्तक्षेप से उसकी जान बच सकी.

इसे भी पढ़ें- राष्ट्रगान के बीच हाथ जोड़कर चल दिए सतीश महाना! VIDEO वायरल, सोशल मीडिया पर उठे सवाल

ट्रेन में शराब पी रहे थे आरोपी

पीड़ित छात्र मोहम्मद मुंतजिर सरधना क्षेत्र के देवली खेड़ा उर्फ जेनपुर गांव का रहने वाला है और देवबंद में मौलवियत की पढ़ाई करता है. छात्र के अनुसार, शनिवार रात वह मेरठ कैंट से देवबंद जाने वाली ट्रेन में सवार हुआ था. जिस कोच में वह बैठा था, उसमें पहले से करीब 10-12 युवक मौजूद थे, जो कथित तौर पर खुलेआम शराब पी रहे थे.

जबरन शराब पिलाने और ट्रेन से फेंकने की कोशिश

छात्र का आरोप है कि ट्रेन के दौराला और सकौती के बीच पहुंचने पर युवकों ने उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी. उन्होंने कथित तौर पर उसकी दाढ़ी पकड़कर जबरन शराब पिलाने का प्रयास किया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई. किसी तरह वह दूसरे कोच में जाने लगा तो आरोपियों ने उसे रोक लिया और उसका बैग भी छीन लिया.

पीड़ित का कहना है कि इसके बाद दो युवकों ने उसे पकड़कर खिड़की के पास ले जाकर चलती ट्रेन से बाहर फेंकने की कोशिश की. उसके शोर मचाने पर कोच में मौजूद अन्य यात्रियों ने हस्तक्षेप कर उसे बचाया. ट्रेन के सकौती स्टेशन पर रुकने के दौरान आरोपी कथित तौर पर धमकी देते हुए वहां से चले गए.

इसे भी पढ़ें- आरक्षण था, आरक्षण है, आरक्षण रहेगा! PDA के पक्ष में अखिलेश यादव का बड़ा बयान, BJP को घेरते हुए लगाए गंभीर आरोप

पुलिस कर रही जांच

खतौली स्टेशन पहुंचने पर छात्र ने पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. छात्र ने यह भी सवाल उठाया कि कोच में युवक कथित तौर पर खुलेआम शराब पी रहे थे, लेकिन वहां कोई जीआरपी कर्मी मौजूद नहीं था. खतौली कोतवाल दिनेश बघेल के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में घटना सकौती क्षेत्र की बताई जा रही है. पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आरोपियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.