मुजफ्फरनगर. जन्मदिन समारोह से देर रात घर लौट रहा मुजफ्फरनगर का एक परिवार पुरकाजी थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया. लक्सर मार्ग पर स्कॉर्पियो और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं. घायलों में एक बच्ची भी शामिल है. दो महिलाओं और बच्ची को गंभीर हालत में मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया है.

इसे भी पढ़ें- UP में आज 33 जिलों में बारिश का अलर्ट, ओले गिरने के आसार; 11 जिले बाढ़ की चपेट में

नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की हरी वृंदावन कॉलोनी निवासी आदेश गोयल परिवार के साथ लक्सर गए थे. वहां उनके मौसी के पति राधेश्याम का 75वां जन्मदिन समारोह था. कार्यक्रम में शामिल होने के बाद परिवार स्कॉर्पियो से मुजफ्फरनगर लौट रहा था. इसी दौरान पुरकाजी क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर सामने से आ रहे डंपर से स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई.

चार लोगों की मौके पर मौत

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए. हादसे में 50 वर्षीय आदेश गोयल, 35 वर्षीय निशा, 11 वर्षीय गोनी और 48 वर्षीय राखी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

पत्नी समेत तीन लोग घायल

दुर्घटना में आदेश गोयल की पत्नी रूबी गोयल समेत तीन लोग घायल हुए हैं. घायलों में कुसुम गोयल और एक बच्ची भी शामिल है. पुलिस और ग्रामीणों ने सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद रूबी गोयल और कुसुम गोयल को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया. बच्ची को भी बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है.

इसे भी पढ़ें- मेरठः हार्ट अटैक बताकर दफना दिया पति का शव, मोबाइल ने खोला पत्नी का खौफनाक राज

डंपर चालक गिरफ्तार, जांच जारी

हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है. डंपर चालक को भी गिरफ्तार किया गया है. एडीएम दीपक सिंह ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और तीन लोग घायल हुए हैं. दो घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेरठ भेजा गया. हादसे की वास्तविक वजह और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है.