कुंदन कुमार, पटना। मुजफ्फरपुर जिले के गोबरसही इलाके में बीते सोमवार (2, नवंबर) को नाला निर्माण के दौरान जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट हो गया था। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का पटना के पीएमसीएच में इलाज चल रहा है। इस बीच आज बुधवार (4, नवंबर) को बिहार सरकार में मंत्री लखेंद्र पासवान पटना PMCH पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।

हरसंभव मदद का दिया भरोसा

इस दौरान मंत्री लखेंद्र पासवान ने घायलों और उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। साथ ही अस्पताल प्रशासन और विशेषज्ञ चिकित्सकों से घायलों के इलाज की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों का समुचित और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने तथा उपचार में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि, NDA सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और आमजन को बेहतर उपचार प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस दौरान उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

हुआ था जोरदार धमाका, कई मकान दहले

दरअसल घटना वाले दिन सोमवार की सुबह घटनास्थल वाली जगह पर नाला निर्माण के लिए सड़क की खुदाई का काम चल रहा था। इस दौरान जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन ब्लास्ट कर गई। धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी की घटनास्थल के आसपास के कई मकान दहल उठे एवं कुछ क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जांच के लिए एसआईटी का गठन

जिला प्रशासन ने इस मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। गठित एसआईटी का नेतृत्व मुजफ्फरपुर के सीनियर एसपी कांतेश मिश्रा खुद करेंगे। इस विशेष जांच दल में जिले के कई तेज-तर्रार और अनुभवी पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है ताकि जांच पारदर्शी और तेजी से पूरी हो सके।

अब यह जांच का विषय है कि नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन किस परिस्थिति में क्षतिग्रस्त हुई और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं?

ये भी पढ़ें- गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी को बताया ‘चिरकुट’, बोले- देश के पहले ऐसे नेता विपक्ष हैं, जो…