कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र से बीते 5 सितंबर को एक 29 वर्षीय युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने का मामला सामने आया था। मृतक की पहचान किशलय कुमार के रूप में हुई है, जो अपनी मोटरसाइकिल से घर से निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा फोन करने पर उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। काफी तलाश करने के बाद जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने अहियापुर थाने में सनसनीखेज गुमशुदगी और अपहरण की आशंका को लेकर मामला दर्ज कराया। अहियापुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीनियर एसपी कांतेश मिश्रा ने नगर एसडीपीओ-2 दीपक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। इस पूरी कार्रवाई का अनुश्रवण सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी कर रहे थे। जांच प्रक्रिया को तेज करने के लिए नगर थाना, काजी मोहम्मदपुर थाना और अहियापुर थाना के पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से शामिल किया गया। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कई ठिकानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि किशलय कुमार को गननीपुर स्थित एक लॉज में कुछ संदिग्ध लोगों के साथ देखा गया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने पारु निवासी अनुकूल कुमार को हिरासत में ले लिया और पूछताछ का दायरा बढ़ाया।
रेवा घाट से बरामद हुआ शव
कड़ाई से पूछताछ और साक्ष्यों के संकलन के बाद मुख्य आरोपी अनुकूल कुमार ने स्वीकार किया कि उसने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर किशलय कुमार की हत्या कर दी थी और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को रेवा घाट में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रेवा घाट से किशलय कुमार का शव बरामद कर लिया है। हालांकि, घटना में प्रयुक्त मृतक की मोटरसाइकिल अभी तक बरामद नहीं की जा सकी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक किशलय कुमार पढ़ाई कर रहा था, लेकिन उसके ऊपर पूर्व में अपहरण का एक मामला भी दर्ज था। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह पूरी घटना पैसों के आपसी लेनदेन के विवाद के कारण अंजाम दी गई।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
प्रेसवार्ता के दौरान सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी अनुकूल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही इस घटना से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लापता मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया जाएगा। पुलिस प्रशासनिक टीम इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हुई है ताकि न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

