मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में PNG गैस पाइपलाइन ब्लास्ट की घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने हादसे में युवक की मौत और कई लोगों के घायल होने पर संवेदना जताई है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं और पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि हादसे की सूचना के बावजूद भाजपा की सभा के कारण सड़क पर फंसे दमकल वाहन को घटनास्थल तक जाने का रास्ता नहीं दिया गया। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि मुजफ्फरपुर के गोबरसही में PNG पाइपलाइन ब्लास्ट की चपेट में आए लोगों की मृत्यु से वह दुखी हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।

दमकल वाहन को रास्ता नहीं देने का लगाया आरोप

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा की सड़क पर चल रही एक सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं, नेताओं और पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता ने घटना की जानकारी होने के बावजूद यातायात में फंसे दमकल वाहन को प्राथमिकता देकर जल्द घटनास्थल तक जाने देने की जरूरत नहीं समझी। उन्होंने इसे अक्षम्य बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को घटना की जानकारी तक नहीं है, इसलिए उन्होंने संवेदना भी व्यक्त नहीं की। तेजस्वी ने कहा, राजनीति नागरिकों के लिए है, नागरिक राजनीति के लिए नहीं हैं।

PNG पाइपलाइन में ब्लास्ट से एक की मौत, चार घायल

बता दें कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी इलाके में PNG गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद जोरदार धमाका हुआ था। हादसे में निवास सिंह नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि मुकेश कुमार (20), सोनम कुमारी, मोहम्मद अयान (17) और रुकसाना खातून (40) घायल हो गए। निवास सिंह कोचिंग संचालक थे। बताया गया कि वह स्कूटी से सामान खरीदने जा रहे थे, इसी दौरान धमाके की चपेट में आ गए। ब्लास्ट की आवाज करीब तीन किलोमीटर तक सुनाई दी। धमाके से आसपास के दर्जनों घरों और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। एक चार मंजिला इमारत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

ठेकेदार की लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पाइपलाइन के पास जेसीबी से काम किया जा रहा था। इसी दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई और ब्लास्ट हो गया। सोमवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने गोबरसही चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। लोगों ने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। मौके पर पहुंचे नगर विधायक रंजन कुमार ने कहा कि निर्माण कार्य में ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि काम के दौरान रोड सेफ्टी और सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया।