कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। जिले के पारू थाना क्षेत्र में कर्तव्य पालन के दौरान पुलिस पर हमला करने का मामला सामने आया है। बीती रात थाना कांड संख्या 154/26 और 293/26 के सिलसिले में वांछित अभियुक्त अजय राय के घर छापेमारी करने गई पुलिस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध और हिंसक झड़प का सामना करना पड़ा। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया, जिससे सरकारी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पांच पुलिसकर्मी आंशिक रूप से घायल हो गए।
डीएसपी ने दी जानकारी
घटना के संबंध में एसपी कार्यालय की ओर से पश्चिमी डीएसपी अभिजीत कौर ने आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि 8 जून की देर रात पुलिस की एक टीम वांछित अपराधी अजय राय की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उसके आवास पर पहुंची थी। जैसे ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की वहां मौजूद असामाजिक तत्वों ने एकजुट होकर पुलिस टीम को घेर लिया और उन पर पथराव शुरू कर दिया।
डीएसपी अभिजीत कौर ने बताया कि हमलावरों का मुख्य उद्देश्य पुलिस की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करना था। इस हमले में सरकारी वाहन के शीशे टूट गए और पांच पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हुए जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है।
पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस हिंसक घटना को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त बल मंगवाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया। डीएसपी के अनुसार पुलिस पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पांच लोगों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान खुशबू कुमारी, शोभा कुमारी, भोला राम, अंकित कुमार और नीरज कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि बाकी हमलावरों की पहचान वीडियो फुटेज और पुलिस टीम के बयान के आधार पर की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी की जा रही है। कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

