Bihar Police News: बिहार के मुजफ्फरपुर पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल हुआ है। कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने सख्त एक्शन लेते हुए इंस्पेक्टर रैंक के 7 पुलिस अफसरों का तबादला किया है। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इन 7 पुलिस अफसरों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शरत कुमार बने अहियापुर के थानाध्यक्ष

जारी आदेश के अनुसार अहियापुर थाना के थानाध्यक्ष रोहन कुमार को अब जिला आसूचना इकाई (DIU), मुजफ्फरपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह शरत कुमार को अहियापुर थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जो वर्तमान में पर्यवेक्षी सदर थाना के पद पर तैनात थे।

इसी क्रम में, काजीमोहम्मदपुर थाना के थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद को सदर थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि नगर अंचल के पुलिस निरीक्षक चन्द्र भूषण कुमार सिंह को अब काजीमोहम्मदपुर थाने की कमान दी गई है।

पर्यवेक्षी पदाधिकारी बने मनोज कुमार साह

न्यायालय सुरक्षा के प्रभारी मनोज कुमार साह को सदर थाने में पर्यवेक्षी पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित किया गया है। वहीं, अहियापुर थाने में कार्यरत पर्यवेक्षी पदाधिकारी मुन्ना कुमार गुप्ता को प्रोन्नत करते हुए अंचल पुलिस निरीक्षक, सदर ‘बी’ अंचल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, साइबर थाने में तैनात रजा अहमद को अब अहियापुर थाने में पर्यवेक्षी पदाधिकारी के पद पर भेजा गया है।

DIG की स्वीकृति के बाद हुआ तबादला

एसएसपी कार्यालय की ओर से बताया गया है कि ये सभी तबादले पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) की स्वीकृति के बाद किए गए हैं। इन बदलावों का उद्देश्य पुलिस की कार्यकुशलता को बेहतर बनाना और जनहित को प्राथमिकता देना है। साथ ही, कुछ अधिकारियों का तबादला उनके वर्तमान पद पर दो साल से अधिक समय पूरा होने के कारण भी किया गया है।

पुलिस विभाग के अंदर इस बड़े पैमाने पर हुए फेरबदल को लेकर कहा जा रहा है कि अब ढिलाई या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी का यह कदम अपराधियों पर सख्ती बढ़ाने और कानून का डर कायम करने की कोशिश माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन आज, संजय सरावगी ने किया बीजेपी के बहुमत का दावा