कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। जिले के मुशहरी प्रखंड अंतर्गत रहुआ के पास मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर आज सुबह अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान प्रभात मिश्रा के रूप में हुई है, जो अपने मामा राजकिशोर झा और अजय झा के घर (प्रहलादपुर) में रहकर पढ़ाई करता था।
क्या है पूरा मामला?
घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। प्रभात मिश्रा बुलेट मोटरसाइकिल से किसी काम के सिलसिले में रहुआ गांव की ओर जा रहा था। जैसे ही वह रहुआ स्थित ‘बाबा टाइल्स एंड मार्बल’ दुकान के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से प्रभात गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए मां जानकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभात बचपन से ही अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई-लिखाई कर रहा था, जिसकी इस तरह निर्मम हत्या से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही मुशहरी थाना की पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल मृतक का शव मां जानकी अस्पताल में है। पुलिस का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जाएगा। अपराधियों की धर-पकड़ के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है।

