मुजफ्फरपुर। जिले के सरैया थाना क्षेत्र के बसंतपुर उत्तरी पंचायत स्थित कोन्ही टोला में एक ग्रेजुएशन की छात्रा वर्षा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की मां ने उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और आरोपी पति समेत पूरा परिवार घर छोड़कर फरार है।
पिस्टल दिखाकर अपहरण और जबरन शादी
मृतका की मां पुष्पा देवी ने बताया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी वर्षा पढ़ाई करना चाहती थी और उसका भविष्य उज्जवल था। आरोप है कि आरोपी महेश सहनी (रामनाथ सहनी का तीसरा बेटा) कुछ महीने पहले उनके घर जबरन घुसा था और पिस्टल के बल पर उनकी बेटी को अगवा कर अपने साथ ले गया था। मां का कहना है कि आरोपी ने उनकी मर्जी के खिलाफ वर्षा से शादी की थी। शुरुआत में सब कुछ ठीक दिखने के कारण उन्होंने मामले को तूल नहीं दिया, लेकिन कुछ ही हफ्तों बाद ससुराल पक्ष का असली चेहरा सामने आ गया।
दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या की धमकी
पुष्पा देवी के अनुसार, शादी के महज एक महीने बाद ही महेश और उसके परिवार ने वर्षा को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। मायके वालों से उसकी बातचीत भी सीमित कर दी गई थी। पिछले दिनों जून में जब वर्षा से बात हुई थी, तब उसने ससुराल में दहेज को लेकर हो रहे उत्पीड़न का दर्द बयां किया था। मां का आरोप है कि आरोपियों ने दहेज न मिलने पर बेटी की हत्या की धमकी दी थी और गुरुवार को इसी साजिश को अंजाम देते हुए उसकी जान ले ली।
सुसाइड का दावा और अंतिम संस्कार की कोशिश
दूसरी ओर, ससुराल पक्ष का तर्क है कि वर्षा ने बुधवार दोपहर को फंदा लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की थी। उनका दावा है कि स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उसे पटना के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार शाम उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत की सूचना मिलते ही ससुराल वाले पुलिस को बताए बिना चुपचाप शव का अंतिम संस्कार करने की जुगत में थे, तभी मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस और एफएसएल की कार्रवाई
सूचना मिलते ही सरैया थाने की पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर अंतिम संस्कार रुकवा दिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। सरैया थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।



