मध्य प्रदेश में सावन के अवसर पर सांप दिखने की घटनाओं से कोई खौफ में है तो कोई इसे साक्षात भोलेनाथ मानकर दर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में सागर में एक नागिन भोपाल से सागर तक ट्रक की डिग्गी में बैठकर आया। जैसे ही ड्राइवर ने डिग्गी खोली, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। वहीं दूसरी ओर बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में महादेव मंदिर में शिवलिंग के पास एक सांप दिखाई देने के बाद लोगों ने सर्प मित्र बुलाकर रेस्क्यू करवाया।
भोपाल से सागर तक ट्रक में बैठकर आया 4 फीट लंबा कोबरा, डिग्गी खोलते ही ड्राइवर के उड़ गए होश
उमेश यादव, सागर। भोपाल से माल लेकर सागर पहुंचे एक ट्रक की डिग्गी में करीब चार फीट लंबा कोबरा सांप मिलने से हड़कंप मच गया। ड्राइवर ने जैसे ही सामान निकालने के लिए डिग्गी खोली, अंदर कुंडली मारकर बैठी नागिन को देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल स्नैक कैचर को सूचना दी गई, जिसने काफी मशक्कत के बाद सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार सागर निवासी सौरभ जैन का ट्रक माल लोड करने के लिए भोपाल गया था। भोपाल से माल लेकर ट्रक सागर पहुंचा। यहां ड्राइवर जब डिग्गी खोलकर सामान निकालने लगा तो अंदर कोबरा प्रजाति की करीब चार फीट लंबी नागिन कुंडली मारे बैठी दिखाई दी। नागिन को देखते ही ड्राइवर पीछे हट गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना स्नैक कैचर को दी गई। मौके पर पहुंचे स्नैक कैचर ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद नागिन को डिग्गी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि यह नागिन संभवत: भोपाल में ट्रक में माल लोड होने के दौरान डिग्गी में पहुंच गई होगी और ट्रक के साथ सागर तक आ गई।
उज्जैन में 84 महादेव मंदिर में शिवलिंग के पास दिखा कोबरा
प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन के राम जनार्दन मंदिर परिसर स्थित 84 महादेव में से 38 वें कुसुमेश्वर महादेव मंदिर में हरियाली अमावस्या की रात आरती के बाद एक कोबरा सांप दिखाई दिया । मंदिर के पुजारी गौरव विश्वनाथ मिश्रा ने इंस्टाग्राम के माध्यम से सर्पमित्र राहुल मौखिरिवाले को सूचना दी, इसके बाद सर्प मित्र द्वारा सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया।
दरअसल यह घटना हरियाली अमावस्या की रात आरती के बाद की है । जहां 84 महादेव में से 38 वें कुसुमेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी गौरव विश्वनाथ मिश्रा ने बताया कि वे आरती के बाद मंदिर में मोबाइल देख रहे थे, तभी उनकी नजर हवन कुंड के पास स्थित कोबरा सांप पर पड़ी।
पुजारी के अनुसार, उस समय मंदिर के दरवाजे और अलमारियां खुली थीं, जिससे सांप के अंदर जाने की संभावना थी। इस कारण उन्होंने सांप को सुरक्षित बाहर निकलवाने का निर्णय लिया। सूचना मिलने पर सर्पमित्र राहुल मौके पर पहुंचे और कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। पुजारी गौरव के अनुसार मंदिर में इस तरह सांप दिखाई देने की यह पहली घटना है। हालांकि आसपास जंगल जैसा क्षेत्र है और प्राकृतिक क्षेत्रों में सांप अक्सर निकलते रहते है।
सर्प मित्र राहुल मौखिरिवाले के अनुसार सावन में बारिश और मौसम में लगातार बदलाव के कारण सांपों के बाहर निकलने की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि सावन के दौरान उज्जैन जिले में अब तक करीब 200 सांपों का रेस्क्यू किया जा चुका है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


