वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां करोड़ों रुपये की लागत से बने फ्लाईओवर की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे। रहुई प्रखंड के मोरा तालाब पंचायत स्थित मोरा तालाब सूर्य मंदिर तालाब के समीप बने फ्लाईओवर से पानी पाइप के रास्ते नीचे जाने के बजाय पुल के बीच से ही झरने की तरह सड़क पर गिरता दिखाई दे रहा है, जिससे पानी फ्लाईओवर के नीचे से गुजर रहे और वहां खड़े राहगीरों पर गिरता नजर आ रहा है।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठ रहा सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि फ्लाईओवर के निर्माण में गुणवत्ता और तकनीकी व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही बरती गई है। स्थानीय ग्रामीण हारो सिंह, विक्की सिंह, बेदी सिंह और मोहन सिंह समेत अन्य लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर बने अभी लगभग दो साल ही हुए हैं, लेकिन इसकी स्थिति देखकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुल के बीच से गिर रहा पानी
ग्रामीणों ने कहा कि फ्लाईओवर पर पानी की निकासी के लिए लगाए गए पाइप और उनकी फिटिंग सही तरीके से नहीं की गई है। बारिश के दौरान पानी पाइप से निकलने के बजाय पुल के बीच से नीचे गिर रहा है। इसके अलावा सर्विस रोड पर भी जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं और पुल की दीवार के क्षतिग्रस्त होने की बात ग्रामीणों ने कही है।
पीएम मोदी ने किया था शिलान्यास
यह फ्लाईओवर बख्तियारपुर से रजौली तक NH-20 के लगभग 107 किलोमीटर लंबे फोरलेन प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इस परियोजना की लागत करीब 3,500 से 3,800 करोड़ रुपये बताई जाती है। इस परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 सितंबर 2020 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बने कई पुल-पुलियों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। उनका कहना है कि नाले तो बनाए गए हैं, लेकिन कई जगह अभी तक उचित ढक्कन नहीं लगाए गए हैं। वहीं, सड़क पर बिजली के पोल होने से भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने की जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने और जिम्मेदार लोगों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि सामने आए इस वीडियो और ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन तथा संबंधित निर्माण एजेंसी इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।
ये भी पढ़ें- बिहार में बाढ़ का संकट गहराया: 2,360 गांव डूबे, भागलपुर में रेल बांध टूटने से मचा हड़कंप



