वीरेंद्र कुमार, नालंदा। नालंदा में MLC चुनाव को लेकर JDU ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बिहारशरीफ के हॉस्पिटल मोड़ स्थित JDU कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने आगामी कार्यक्रम को लेकर कई अहम बातें कहीं।

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने बताया कि 13 अक्टूबर को श्रम कल्याण केंद्र मैदान में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आगामी पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर नालंदा जिले के पंचायत स्तर तक कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को कार्यक्रम में बुलाया गया है।

कार्यकर्ताओं को दी जाएंगी जिम्मेदारियां

सांसद ने कहा कि NDA से जुड़े प्रमुख नेताओं को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा और चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि NDA पहले भी दोनों सीटों पर जीत दर्ज कर चुका है और इस बार भी जीत के लिए पूरी तैयारी की जा रही है।

कौन कहता है कि विकास नहीं हुआ?

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि नालंदा में दुर्गा पूजा और छठ पूजा को लेकर लोगों को शुभकामनाएं भी दी जाएंगी। सांसद ने नालंदा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गढ़ बताते हुए कहा कि यहां NDA की जीत सामूहिक प्रयासों का परिणाम रही है। वहीं, प्रेस वार्ता के दौरान जब पत्रकार ने विकास को लेकर सवाल किया तो सांसद कौशलेंद्र कुमार नाराज नजर आए और सवाल करते हुए कहा कि कौन कहता है कि विकास नहीं हुआ है? इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

ये भी पढ़ें- ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा जमुई, SIR के खिलाफ महागठबंधन का प्रदर्शन, फूंका पुतला