वीरेंद्र कुमार/नालंदा। जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के निजामपुरा गांव में जमीनी विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया है। रास्ते को लेकर उपजे विवाद में एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष की महिला पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
निजामपुरा गांव निवासी कुसुम कुमार की 45 वर्षीय पत्नी बिंदा देवी ने बताया कि यह संघर्ष पुश्तैनी जमीन के बंटवारे और रास्ते के अधिकार को लेकर है। पीड़िता के अनुसार परिवार के गोतिया (सगे-संबंधियों) के बीच पहले ही जमीन का लिखित बंटवारा हो चुका था। समझौते के तहत सभी के आने-जाने के लिए एक साझा रास्ता सुनिश्चित किया गया था। आरोप है कि एक गोतिया ने उस सार्वजनिक रास्ते पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया जिससे बिंदा देवी के परिवार का आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
विरोध करने पर बरपा कहर
जब मुख्य रास्ता बंद हो गया तो किसी तरह दूसरे गोतिया की जमीन से एक वैकल्पिक रास्ता निकाला गया। लेकिन अब आरोप है कि हमलावर गोतिया उस वैकल्पिक रास्ते पर भी अपना हक जमाकर उसे बंद करने की कोशिश कर रहे हैं। जब बिंदा देवी ने इस अवैध कब्जे का पुरजोर विरोध किया तो आरोपितों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में महिला बुरी तरह जख्मी हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और स्थिति
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल बिंदा देवी को अस्थावां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़िता ने अस्थावां थाना पहुंचकर दोषियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और सुरक्षा के साथ-साथ न्याय की गुहार लगाई है।
इस संबंध में अस्थावां थाना अध्यक्ष सत्यम कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि उन्हें घटना के संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इलाके में इस घटना के बाद से तनाव का माहौल है।

