वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। पावापुरी थाना क्षेत्र में शराब तस्करों को पकड़ने गई मद्य निषेध विभाग की विशेष जांच इकाई यानी EIB की टीम पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में पटना मुख्यालय की टीम के सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

सूचना मिलने पर पहुंची थी टीम

सूत्रों से मिली जानकारी पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन में शराब की बड़ी खेप लेकर तस्कर नालंदा की सीमा में दाखिल हुए हैं। इसके बाद ईआईबी की टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग और स्थानीय टीम के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू की। संदिग्ध पिकअप का पीछा करते हुए टीम पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के समीप पहुंची।

रेकी कर रहे लाइनर ने चलाई गोली

बताया जा रहा है कि टीम जब संदिग्ध पिकअप को रोकने और घेरने की कोशिश कर रही थी, तभी तस्करों के लिए रेकी कर रहे कथित लाइनर ने गोली चला दी। गोली सिपाही अजीत कुमार को लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। फायरिंग के बाद मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी पिकअप समेत फरार हो गए।

गोली लगने से घाल सिपाही की मौत

घायल सिपाही को तत्काल पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया। हालांकि, पीएमसीएच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से विभाग में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस की कई टीमें कर रहीं छापेमारी

उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि की है। उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पटना से आई विशेष ईआईबी टीम के नेतृत्व में की जा रही थी। घटना के बाद उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। आसपास के रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। नालंदा में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें- बिहार में क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष की 7 गोली मारकर हत्या, पत्नी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप