नालंदा। जिले के छबिलापुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में प्राइवेट स्कूल की महिला प्रिंसिपल की मौत हो गई। मृतका की पहचान गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के नवादापर गांव की 25 वर्षीय ममता कुमारी के रूप में हुई है। वह राइसपर स्थित सिटी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल थीं और स्कूल कैंपस में ही अपने पति संजीत कुमार के साथ रहती थीं, जो कि इस स्कूल के डायरेक्टर हैं।
तीज पूजा के दौरान हुआ हादसा
मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ममता कुमारी तीज का व्रत रखकर पड़ोस में पूजा करने के बाद अपने स्कूल लौट रही थीं। इसी दौरान राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग पर राइसपर के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़ीं और हाइवा का टायर उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका ममता कुमारी की पांच साल पहले शादी हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं तीन साल का बेटा सूर्या और दो साल की बेटी टुली। हादसे के बाद मासूम बच्चे इस बात से पूरी तरह अनजान नजर आए कि उनके सिर से मां का साया उठ चुका है और वे बेपरवाह होकर मोबाइल पर वीडियो देखते दिखे। परिवार में इस अचानक आई आपदा से कोहराम मच गया है। भाई सौरभ कुमार ने बताया कि सुबह जब घर के अधिकतर लोग सो रहे थे, तब इस मनहूस हादसे की खबर मिली।
ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन और जाम
हादसे से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीण और परिजन बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए। उन्होंने शव को राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग के बीच रखकर करीब 3 घंटे तक जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगवाने, फरार हाइवा चालक की तुरंत गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। मौके पर पहुंचे डीएसपी और पुलिस-प्रशासन ने परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर उचित कार्रवाई और मुआवजे का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।



