हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ड्रग्स सप्लाई और ब्राउन शुगर कनेक्शन की जांच से शुरू हुआ मामला अब कई नए पहलुओं तक पहुंच गया है। राजेंद्र नगर पुलिस की डिजिटल और तकनीकी जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अब कथित ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और अन्य संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और हर तथ्य का तकनीकी सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब जांच टीम ने नाना पटवारी के मोबाइल फोन की ब्राउजर हिस्ट्री और डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल शुरू की, तो उसमें कथित तौर पर कई ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म और पोर्न वेबसाइटों के रिकॉर्ड मिले। इन्हीं तथ्यों के आधार पर अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किसने किया, लॉगिन आईडी और पासवर्ड किसके नियंत्रण में थे और कहीं इनके जरिए किसी अवैध गतिविधि का संचालन तो नहीं किया जा रहा था। जांच एजेंसियां अब मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों का फॉरेंसिक विश्लेषण कर रही हैं।

दो महिलाओं से भी पूछताछ

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केवल ब्राउजर हिस्ट्री के आधार पर किसी अपराध का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता, इसलिए हर डिजिटल साक्ष्य का वैज्ञानिक परीक्षण कराया जा रहा है। ड्रग्स केस की जांच के दौरान पुलिस ने दो महिलाओं से भी पूछताछ की। पूछताछ में एक महिला ने बताया कि उसने शुभम वैली में नाना पटवारी से करीब 36 लाख रुपये में एक प्लॉट खरीदा था। पुलिस अब इस सौदे के दस्तावेज, भुगतान और प्लॉट की वास्तविक स्थिति की जांच कर रही है। यदि इसमें किसी प्रकार की धोखाधड़ी या आर्थिक अपराध के तथ्य सामने आते हैं तो उस पहलू पर भी अलग से कार्रवाई की जा सकती है।

अब तक तीन आरोपी बनाए गए

पुलिस सूत्रों का दावा है कि जांच के दौरान नाना पटवारी के कई महिला संपर्कों की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि इनमें से अधिकांश मामलों का सत्यापन अभी किया जा रहा है और पुलिस केवल उन्हीं लोगों से पूछताछ कर रही है, जिनका इस केस से प्रत्यक्ष संबंध सामने आ रहा है। इस पूरे मामले की शुरुआत ब्राउन शुगर के साथ इरफान खान और संजय कौशल की गिरफ्तारी से हुई थी। दोनों से पूछताछ में नाना पटवारी और मानव गंगवानी के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और ब्लूबैंड उर्फ आरिफ खान को भी आरोपी बनाया। अब तक इस मामले में तीन आरोपी बनाए जा चुके हैं और दस से अधिक लोगों से पूछताछ हो चुकी है।

ऑनलाइन सट्टे से जुड़ा नेटवर्क

राजेंद्र नगर पुलिस ने मानव गंगवानी और बंटी असरानी को भी नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस का कहना है कि दोनों की भूमिका की जांच की जा रही है और मोबाइल, कॉल डिटेल, चैट, डिजिटल ट्रांजैक्शन तथा अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली है कि गिरफ्तार आरोपी संजय कौशल का कथित तौर पर ऑनलाइन सट्टे से जुड़ा नेटवर्क है। इसी कड़ी में जब उसके डिजिटल संपर्कों की जांच की गई तो नाना पटवारी का नाम भी सामने आया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म से नाना पटवारी का संबंध किस स्तर तक था और क्या इसमें किसी प्रकार का आर्थिक लेन-देन हुआ था।

जांच-पड़ताल जारी

ड्रग्स मामले में पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान दावा किया है कि वे पहले भी नाना पटवारी को नशीले पदार्थ उपलब्ध करा चुके हैं। वहीं पूछताछ में शामिल दो महिलाओं ने भी पुलिस को अपने-अपने बयान दिए हैं। इन बयानों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है ताकि जांच किसी ठोस निष्कर्ष तक पहुंच सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी जांच निर्णायक चरण में है। मोबाइल डेटा, डिजिटल फॉरेंसिक रिपोर्ट, बैंकिंग रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।

जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महत्वपूर्ण: इस खबर में उल्लेखित पोर्न वेबसाइट, कथित सट्टा नेटवर्क, महिला संपर्क और ड्रग्स से जुड़े सभी बिंदु पुलिस जांच और पूछताछ के दौरान सामने आए दावों एवं सूत्रों पर आधारित हैं। इन आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद ही मानी जाएगी। फिलहाल किसी भी आरोप पर अंतिम रूप से दोष सिद्ध नहीं हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m